बैतूल में इस वर्ष विजयादशमी का पर्व खास रूप से मनाया जाएगा। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति द्वारा स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में गुरुवार शाम भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 55 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। पुतलों को भोपाल के नामी कलाकारों ने तैयार किया है और उन्हें पहले से ही स्टेडियम परिसर में खड़ा कर दिया गया है।
गुरुवार शाम गंज स्थित रामलीला मैदान से भगवान राम और लक्ष्मण रथ पर सवार होकर शोभायात्रा के रूप में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचेगे। यहां पुतला दहन कार्यक्रम की शुरुआत होगी। समिति पिछले 68 वर्षों से दशहरा पर्व पर रामलीला और पुतला दहन का आयोजन करती आ रही है।
इस बार आयोजन में तकनीक का विशेष इस्तेमाल किया जाएगा। पुतलों के दहन में डिजिटल तकनीक का उपयोग किया जाएगा, जिससे पहले की तरह तीर चलाने की आवश्यकता नहीं होगी। पुतलों के मुंह से रोशनी निकलेगी और रंग-बिरंगी आतिशबाजी दर्शकों का मन मोह लेगी। समिति सदस्य दीपक सलूजा ने बताया कि पुतलों की ऊंचाई बढ़ा कर कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाया गया है।
आयोजन स्थल पर विशेष सजावट की गई है और दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिले और प्रदेश के कई गणमान्य नागरिक इस भव्य आयोजन में शामिल होंगे।
समिति का प्रयास है कि इस विजयादशमी का पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बने बल्कि तकनीकी और सांस्कृतिक आकर्षण का केंद्र भी बने। डिजिटल तकनीक, आतिशबाजी और शोभायात्रा के संगम से दशहरा उत्सव में आए दर्शकों को यादगार अनुभव मिलेगा।