Left Banner
Right Banner

रायपुर की स्टील फैक्ट्री में हादसा, 6 कर्मचारियों की मौत, GM समेत 6 घायल

रायपुर के सिलतरा क्षेत्र में स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को मेंटेनेंस के दौरान गर्म लोहा गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतकों में दो मैनेजर भी शामिल हैं। वहीं, फैक्ट्री के GM सहित 6 अन्य कर्मचारी घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में जारी है।

धरसींवा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि हादसा अचानक हुआ, जिससे कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। फैक्ट्री में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश के कर्मचारी काम कर रहे थे। 5 घायलों से विधायक ने अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस हादसे पर इंडस्ट्रियल सेफ्टी एक्ट के पालन न होने की बात कही। उन्होंने मृतकों के परिजनों को कम से कम 1-1 करोड़ रुपए का मुआवजा देने और घायलों के इलाज का पूरा खर्च कंपनी द्वारा वहन करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि घायलों को 50-50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जाए। बैज ने दोषियों पर FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन फैक्ट्री के बाहर जमा होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन और पुलिस की टीम प्लांट के बाहर तैनात है। हादसे में मृतकों के शव को अस्पताल ले जाया गया।

धरसींवा विधायक के अनुसार, प्लांट में फोरमेन, डिप्टी लेवल कर्मचारी और सफाई कर्मी भी मौजूद थे। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को अंदाजा नहीं था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया और प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

फैक्ट्री निर्माणाधीन थी और हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कंपनी द्वारा निर्धारित शटडाउन समय का पालन न करना और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए तुरंत कदम उठाने की बात कही है।

Advertisements
Advertisement