छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को बस्तर जिले के नारायणपाल पहुंचे। यहां उन्होंने आम पेड़ के नीचे जन चौपाल लगाई। स्थानीय ग्रामीणों से सीधे रूबरू हुए। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने स्कूल, सड़क, पुलिया के काम को तुरंत स्वीकृति दे दी। साथ ही विकास काम के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपए भी सेंक्शन कर दिए।
CM ने ग्रामीणों से कहा कि, पहले चरण में आवेदन लिए गए, दूसरे चरण में उन पर कार्रवाई हुई और अब तीसरे चरण में सरकार आपके गांव में पहुंची है। हमने बीते डेढ़ सालों में जनता के हित में कार्य किया है।
सुशासन तिहार हमारा रिपोर्ट कार्ड भी है और सरकार के किए गए कार्यों का मूल्यांकन करने का अवसर भी। इसके माध्यम से हम जनकल्याणकारी योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति जान रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने शपथ लेते ही प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के तहत कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जरूरतमंदों को आवास मिलेगा, ‘आवास प्लस’ में जिनका नाम है, उन्हें भी आवास दिया जाएगा।
महिलाओं से पूछा- 1 हजार का क्या करते हो?
वहां मौजूद महिलाओं से पूछा कि महतारी वंदन योजना के तहत 1 हजार रुपए मिल रहे हैं, इन पैसों का क्या कर रही हैं? एक महिला उठी और कहा कि इस पैसे से दवाई और आटा लाती हूं। खुद की जरूरत पूरी करती हूं।
CM ने कहा कि, 70 लाख से अधिक महिलाओं को ‘महतारी वंदन योजना’ की राशि सीधे उनके खातों में देकर आर्थिक समृद्धि और महिला सशक्तिकरण का द्वार खोला गया है। जो लाभार्थी अभी वंचित हैं, उन्हें भी जोड़ा जाएगा।
24 अप्रैल से अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि 24 अप्रैल से ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और अन्य सेवाओं की सुविधा मिलेगी। अभी यह सेवा 1460 पंचायतों में शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार तकनीक के उपयोग से भ्रष्टाचार के सभी रास्ते बंद कर रही है। पंजीयन की नई प्रक्रिया से रजिस्ट्री के साथ नामांतरण की प्रक्रिया को सरल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने की इन कामों की घोषणा
- नारायणपाल माध्यमिक शाला भवन के लिए – 20 लाख रुपए
- प्राथमिक शाला मंदिरपारा के लिए – 20 लाख रुपए
- स्ट्रीट लाइट, हाई मास लाइट के लिए 15 लाख रुपए व्यवसायिक परिसर के लिए 20 लाख रुपए
- सी.सी. M 600 मी. (गोवर्धन भाटा से बोधघरा घर तक) – 15 लाख रुपए
- पुलिया 2 मी. स्पान 2 नग के लिए 12 लाख रुपए
- सी.सी सड़क नाव घाट तक 9 लाख रुपए