Vayam Bharat

11 साल की आदिवासी लड़की के साथ 2 लड़कों ने किया दुष्कर्म, पीड़ित परिवार से मिले जीतू पटवारी, कहा-आरोपियों में एक मंत्री नागर सिंह का रिश्तेदार

अलीराजपुर में 11 साल की एक आदिवासी लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार की जोबट थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

Advertisement

जोबट एसडीओपी नीरज नामदेव ने कहा कि लड़की अपने दो सहेलियों के साथ एक शादी समारोह से घर लौट रही थी। इस दौरान वो खेत में शौच के लिए रुक गई। तभी 14 से 18 साल की उम्र के दो लड़कों ने खेत में लड़की के साथ बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की चाची उसे जोबट अस्पताल ले गई। जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

एसडीओपी ने बताया कि दोनों लड़कों और उन्हें घटनास्थल से भागने में मदद करने वाले शख्स के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो (POCSO) के तहत केस दर्ज किया गया है। तीनों को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

पुलिस ने तीसरे आरोपी पर दर्ज किया केस

गैंगरेप मामले में पुलिस ने पूर्व में दो नाबालिग आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह आरोपी रतलाम-झाबुआ संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनीता चौहान व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

इधर, इस मामले में राजनीति भी तेज हो गई है। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पीड़ित के गांव पहुंचे और परिवार से मिले। मीडिया से चर्चा में पटवारी ने आरोप लगाया कि पीड़िता की अस्मत जिले में राजनीतिक रूप से रसूखदार परिवार के रिश्तेदार ने लूटी है। स्थिति इतनी भयावह है कि पीड़िता को यहां से इंदौर रेफर करना पड़ा है। पटवारी ने इस बात पर नाराजगी जताई कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कलेक्टर और एसपी अब तक पीड़ित परिवार के पास नहीं पहुंचे।

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि आदिवासियों पर अत्याचार और अनाचार को भाजपा का संरक्षण है। आज बलात्कार के मामले में मध्यप्रदेश देश का तीसरा राज्य है। यह आरोप नहीं, बल्कि एनसीआरबी के आंकड़े यह बयां करते हैं। आदिवासियों को इस अपमान का बदला लेना चाहिए। जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्री का इस्तीफा लेना चाहिए।

परिजन बोले- आरोपियों को कड़ी सजा मिले

पीड़ित के परिजनों ने पीसीसी चीफ को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमें अभी भी जान का डर सता रहा है। पीड़िता की दादी ने कहा कि आरोपियों के घर तोड़े जाने चाहिए। साथ ही ऐसी कड़ी सजा मिले कि वह जेल में ही खत्म हो जाए।

Advertisements