छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार को 10वीं के स्टूडेंट्स ने स्कूल में 11वीं के छात्र को जमकर पीटा है। छात्र को सीढ़ी से घसीटकर मारे हैं, जिससे कान फट गया है। दांत टूट गए हैं। आंखों में सूजन है। गंभीर हालत में ICU में भर्ती है। मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित स्टूडेंट का नाम अरमान खान (16) है। वह DAV मॉडल स्कूल आर्यनगर में पढ़ाई करता है। लंच टाइम के दौरान वाशरूम जाते वक्त छात्रों ने वारदात को अंजाम दिया है। थाने में FIR दर्ज हो गई है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 7 अगस्त को अरमान खान लंच टाइम में वाशरूम जा रहा था। इसी दौरान 10वीं क्लास के कुछ छात्र आए। सीढ़ी पर पहुंचा था। इसी दौरान छात्रों ने अरमान को खींच लिया। सभी ने मिलकर उसे घेर लिया। गाली-गलौज कर मारपीट की।
इस दौरान दांत टूट गए और कान फटने की वजह से खून निकलने लगा। मारपीट से छात्र खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। वहीं चीख-पुकार सुनकर स्कूल के स्टाफ मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को गंगोत्री अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ने पर शंकराचार्य अस्पताल में ICU में भर्ती कराया।
जहां लड़ाई हुई, वहां नहीं हैं CCTV कैमरे
वहीं DAV मॉडल स्कूल आर्यनगर की प्रिंसिपल रम्मी सिंह ने बताया कि हमारे स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन यह घटना बाथरूम के आसपास की बताई जा रही है। वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। घटना के संबंध में जिला शिक्षा कार्यालय को भी सूचित कर दिया गया है।
स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी
दुर्ग जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा का कहना है कि कुछ देर पहले ही इसकी जानकारी मिली थी। मैंने स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को तलब किया था। नोटिस भी जारी कर दिया गया है। नोटिस में इस घटना के कारणों की जानकारी मांगी गई है। इसके बाद हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।