खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारियों की 12 मांगें:डिमांड पूरी नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी; बोले-अनदेखी के कारण अपनाना पड़ा रहा रास्ता

खैरागढ़ के इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ ने सोमवार को अंबेडकर चौक पर धरना दिया। कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समयमान वेतनमान, पदोन्नति और सेवा शर्तों में संशोधन की मांग की है।

Advertisement

गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने बताया कि वे 2024 से अपनी मांगों को लेकर प्रशासन से पत्राचार कर रहे हैं। लगातार अनदेखी के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में भवन और सुविधाओं में सुधार भी शामिल है।

अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो 17 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि कई मांगें शासन स्तर पर विचाराधीन हैं। इनका तत्काल समाधान संभव नहीं है।

सालों से लंबित मामलों को तीन दिनों में निपटाना संभव नहीं

कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय हित और विद्यार्थियों की पढ़ाई सर्वोपरि है। सालों से लंबित मामलों को तीन दिनों में निपटाना संभव नहीं है। उन्होंने कर्मचारियों से संयम बरतने और संवाद बनाए रखने की अपील की है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

17 जुलाई से कर्मचारियों को हड़ताल

धरने और चेतावनी के बीच अब सभी की नजर प्रशासन और शासन की पहल पर है कि आने वाले दिनों में कोई समाधान निकलता है या 17 जुलाई से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे। जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।

Advertisements