Left Banner
Right Banner

बिलासपुर नगर निगम में 12 प्रस्ताव मंजूर: बुजुर्गों के लिए कम्युनिटी हॉल और पानी-टंकी निर्माण शामिल

बिलासपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (MIC) की बैठक में 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिन्हें अब सामान्य सभा में पेश किया जाएगा। ये प्रस्ताव शहर की बुनियादी सुविधाओं को सुधारने और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता बढ़ाने पर केंद्रित हैं। बैठक में सबसे प्रमुख प्रस्ताव सकरी क्षेत्र में बुजुर्गों के लिए कम्युनिटी हॉल का निर्माण रहा। इसके लिए 2 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। भूमि आवंटन के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए स्ट्रीट लाइटों के संचालन और संधारण पर 1.31 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया। इससे नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा में सुधार की उम्मीद है। इसके अलावा, देवरीखुर्द और सिरगिट्टी क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन और टंकी निर्माण के लिए 7.64 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। शहर के सीवरेज सिस्टम को प्रभावी बनाए रखने के लिए 3 सीवरेज पंपिंग स्टेशन (SPS) के संचालन और रखरखाव पर 2.25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी पारित हुआ।

आगामी सामान्य सभा में इन सभी प्रस्तावों पर अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद कार्यों की शुरुआत होगी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि ये परियोजनाएं शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने में मदद करेंगी।

राजनीतिक दलों ने सामान्य सभा से पहले रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। भाजपा पार्षदों की बैठक में कहा गया कि शहर का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता है और सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसी बुनियादी जरूरतों पर कार्य जारी है। कांग्रेस पार्षदों ने बैठक कर सत्ता पक्ष को बुनियादी समस्याओं पर घेरने की योजना बनाई है। उन्होंने साफ-सफाई, जल संकट, सड़क और नाली निर्माण जैसे मुद्दों को जोर देने का निर्णय लिया।

अन्य प्रमुख प्रस्तावों में व्यापार विहार क्षेत्र में जीएसटी कार्यालय के सामने कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण, सिरगिट्टी में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स क्लब और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं से नगर निगम की आय बढ़ाने और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं को विकसित करने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 6 अक्टूबर को होगी। इसमें कुल 37 एजेंडे शामिल हैं, जिनमें से 27 एजेंडों का संबंध जाति प्रमाणपत्र और शेष शहर के विकास कार्यों से है। बैठक को महापौर पूजा विधानी के कार्यकाल की महत्वपूर्ण बैठक माना जा रहा है।

Advertisements
Advertisement