छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के अरपा चेक डैम में शनिवार रात 2 युवक डूब गए। बताया जा रहा है कि दोनों नहाने गए थे, तभी हादसा हुआ है। पुलिस और SDRF की टीम ने एक युवक के शव को बरामद किया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश जारी है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम ऋषभ कश्यप (22) है, जो टिकरापारा का रहने वाला था। वहीं अभिजीत तिर्की (24) अभी लापता है। तोरवा पुलिस और SDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। गहराई ज्यादा होने के कारण पता नहीं चल सका है। इन्हें मछुआरों ने डूबते देखा था।
दरअसल, दोनों दोस्त शनिवार शाम घूमने के लिए अरपा चेक डैम गए हुए थे। घूमने के बाद अरपा चेक डैम पहुंचे। यहां दोनों के नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान एक दोस्त का पैर फिसल गया। वह गहराई में जाने लगा, तभी उसे बचाने के लिए दूसरे ने छलांग लगाई, लेकिन वह भी गहरे पानी में चला गया।
इस दौरान दोमुहानी के मछुआरे ने दोनों को डूबते देखा। उसने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों काफी दूर गहराई में जा चुके थे। मछुआरे ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी। लोगों ने तोरवा पुलिस और SDRF को दी।
तोरवा पुलिस और SDRF मौके पर पहुंची
मामले की जानकारी मिलते ही तोरवा पुलिस देर रात मौके पर पहुंची। साथ ही SDRF की टीम भी आई। पुलिस और SDRF ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद भी कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया गया।
पुलिस और SDRF की टीम ने सुबह फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने ऋषभ कश्यप की लाश को रिकवर किया, लेकिन दूसरा युवक अभिजीत तिर्की अभी भी लापता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
कड़ी मशक्कत के बाद मिला एक शव
मामले में तोरवा टीआई अभय सिंह बैस ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद ऋषभ कश्यप का शव मिला। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। मौके पर युवकों के परिजन भी पहुंचे हैं।