पिकअप के पलटने से युवक की मौत, 4 घायल:एक हालत गंभीर; पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने जा रहे थे 35 लोग

जशपुर के कुनकुरी में गुरुवार को पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में शामिल होने जा रहे यात्रियों से भरी पिकअप पलट गई थी। हादसे में घायल एक सवार की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाने के दौरान मौत हो गई।

Advertisement

हादसे में घायल चार अन्य सवारों का उपचार मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इनमें एक की हालत गंभीर है। वाहन में पकरीकछार के करीब 35 लोग सवार थे। यह हादसा कुनकुरी थाना क्षेत्र के हर्राडांड़ के पास हुआ।

 

पिकअप में 35 लोग सवार थे

 

जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले के ग्राम पकरीकछार निवासी 35 लोग पंडित प्रदीप मिश्रा के शिवपुराण कथा में शामिल होने के लिए मयाली जा रहे थे। शिवपुराण कथा का गुरुवार को अंतिम दिन था। समय पर पहुंचने की जल्दबाजी में पिकअप का चालक वाहन को तेज गति से चला रहा था। बेकाबू पिकअप के पलटने से 24 यात्री घायल हो गए।

देर शाम लाए गए अंबिकापुर, एक की मौत

हादसे की सूचना पर जशपुर की कुनकुरी पुलिस और प्रशासन अमले ने अपनी गाड़ियों से घायलों को होलीक्रॉस अस्पताल पहुंचाया। वहां से पांच गंभीर घायलों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। देर शाम सभी घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल लाया गया। घायलों में एक रोहित कुजुर (25) की यहां पहुंचने से पहले मौत हो गई।

एक की हालत गंभीर, ICU में भर्ती

हादसे में घायल अन्य चार का इलाज मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में किया जा रहा है। इनमें निशा खलखो (20) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में दाखिल किया गया है। अन्य घायलों में इशा खलखो (40), सुखमनी (33), सरिता चौहान (30) शामिल हैं।

मृतक रोहित कुजुर के शव का पोस्टमॉर्टम अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक आरसी आर्या ने बताया कि घायलों में एक की हालत गंभीर है। तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है, हालांकि उन्हें भी गंभीर चोट आई है।

कुनकुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति बहुत तेज थी, जिससे यह हादसा हुआ।

 

 

Advertisements