सरगुजा जिले में आठ माह की गर्भवती युवती की मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। प्रेमी ने ही गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी थी। प्रेमी को शक था कि युवती का किसी और के साथ संबंध है और युवती के गर्भ में पल रहा बच्चा भी उसका नहीं है। इसी संदेह पर उसने गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर दी थी।
खेत मे मिली थी लाश
दरिमा के जयपुर गांव में बुधवार सुबह एक खेत में गांव की ही अनिला सिंह (22) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि पर पुलिस को पहला संदेह उसके प्रेमी अनिल सिंह गोंड पर गया।
वह मृतका के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने प्रेमिका की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
घटना वाली रात खेत पर बुलाया था प्रेमी
घटना वाली रात उसी ने फोन कर अनिला को घर से बाहर बुलाया था। खेत में दोनों ने साथ बैठकर बात की। प्रेमिका साथ चलने की जिद कर रही थी जबकि प्रेमी उसके चरित्र और गर्भ में पल रहे बच्चे को लेकर संदेह जता रहा था।
इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और अनिल सिंह ने गला दबाकर प्रेमिका की हत्या कर मौके से भाग गया था। अनिला के फोन पर प्रेमी अनिल सिंह ने कॉल किया था, इसकी पुष्टि भी जांच में हुई।
मंदिर में किया था विवाह फिर बनवाया था शपथ पत्र
गर्भवती युवती की लाश मिलने के बाद एक शपथ पत्र पुलिस के हाथ लगा था। यह भी जांच का आधार बना। यह शपथ पत्र दोनों के विवाह से जुड़ा हुआ था। मृतका अनिला सिंह का प्रेम संबंध अनिल सिंह गोंड़ से था। दोनों लिव इन रिलेशन में साथ रह रहे थे। इसी बीच अनिला गर्भवती हो गई थी।
पुलिस ने कराया था समौझाता
मामला दरिमा थाने तक पहुंचा था। यहां दोनों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन प्रेमी उसे छोड़कर अपने घर सेमरिया चला गया था। घटना वाले दिन अनिल वापस जयपुर पहुंचा।
अनिला सिंह ने जब प्रेमी के साथ उसके घर जाने की जिद की तो अनिल सिंह तैयार नहीं हुआ। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और अनिल सिंह ने अनिला की गला दबाकर हत्या कर दी और भाग निकला।