महिला को नोटों का बंडल दिखाकर ठगा, भिलाई में जेवर के बदले थमाए 500-500 रुपए के नकली नोट

भिलाई में एक महिला मजदूर के साथ अनोखी ठगी का मामला सामने आया है। दो युवकों ने महिला को 500-500 रुपए के नोट की गड्डी दिखाकर बदले में उसके सोने के कान और गले के आभूषण ले लिए। जब महिला नोट गिनने लगी, तो ऊपर असली नोट थे, लेकिन बाकी नकली नोट थे। घटना स्मृति नगर चौकी इलाके की है।

पुलिस के मुताबिक, आर्य समाज मंदिर के पास सुपेला निवासी धनेश्वरी साहू (50) ने ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि, वो क्रॉस रोड रेस्टोरेंट में काम करती है। 15 फरवरी 2025 को वो शाम 5.30 बजे अपने घर चर्च रोड अयप्पा नगर भिलाई आ रही थी। बीच रास्ते से दो युवकों ने उसका पीछा किया।

इस तरह की ठगी की वारदात

 

बताया जा रहा है कि, दो युवकों ने धनेश्वरी को रास्ते में रोका और कहा कि, उन्हें बिलासपुर जाना है। कहां से जाएंगे। धनेश्वरी ने उन्हें कहा कि वो गलत सड़क पर आ गए हैं। उसने उन्हें सही रास्ता बताया। इसी दौरान एक युवक ने धनेश्वर को अपने पास रखी खाकी रंग की पोटली दिखाई। उस पर 500 रुपए के नोटों के बंडल थे। उसने धनेश्वरी को कहा कि, पोटली में 500 रुपए की कई गड्डियां हैं।

उसने बताया कि, वो पैसे लेकर ऐसे नहीं जा सकता है। उन्होंने धनेश्वरी से कहा कि, यदि वो अपने कान के टॉप्स और गले का मंगलसूत्र उन्हें देगी, तो वो नोट वाली पोटली उसे देकर चले जाएंगे। धनेश्वरी उनके बहकावे में आ गई और तुरंत उन्हें सोने के टॉप्स और मंगलसूत्र उतारकर दे दिया। इसके बाद उन्होंने उसे वो नकली नोटों की पोटली थमा दी।

धनेश्वरी वो पोटली लेकर घर आ गई। जब घर में पोटली खोला तो देखा कि पोटली के अंदर सबसे ऊपर वाली गड्डी में 500 रुपए का नोट लगा था। उसके नीचे कागज के नोट लगे थे। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। उसने स्मृति नगर चौकी में मामले की शिकायत की है। पुलिस ने सोमवार 17 फरवरी को मामले में ठगी का केस दर्ज कर लिया है।

 

Advertisements
Advertisement