महाराष्ट्र की कंपनी पर पुलिस की छापेमारी की तैयारी, फर्जी दस्तावेजों से 26 करोड़ में लिया जल जीवन मिशन का ठेका, अब केस..

फर्जी दस्तावेजों से जल जीवन मिशन में 26 करोड़ का ठेका लेने वाली महाराष्ट्र की कंपनी के खिलाफ पुलिस ने ठगी का केस दर्ज किया है। कंपनी ने ठेका लेने के लिए फर्जी शपथ पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और बाकी दस्तावेज जमा किए थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विभाग वालों ने उसे ठेका भी दे दिया।

Advertisement

कंपनी को वर्क ऑर्डर तक जारी किया गया। कंपनी जब काम शुरू करने वाली थी तभी एक ठेकेदार ने इसकी शिकायत की। अब सरकार बदलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। जल्द ही इस मामले में पुलिस महाराष्ट्र में छापामारी करेगी।

पुलिस ने बताया कि 2023 में जल जीवन मिशन में 26 करोड़ से ज्यादा का टेंडर निकाला था। इसमें सबसे ज्यादा काम बिलासपुर में होने थे। इस काम को लेने के लिए कंपनी ने अनुभव प्रमाण पत्र, शपथ पत्र समेत अन्य दस्तावेज जमा किए थे। कंपनी का दावा था कि उसे सतारा में काम करने का अनुभव है। इसी प्रमाण पत्रों के आधार पर कंपनी को ठेका जारी कर दिया गया। महाराष्ट्र की कंपनी विजय वी के संचालक विजय वी सांलुके ने ही इन फर्जी दस्तावेजों को जमा किया था।

अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसमें तत्कालीन अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। ठेकेदार किसका करीबी था और किसकी अनुशंसा में उसे काम मिला, इस बात की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले में सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Advertisements