सड़क हादसे में एक गर्भवती समेत दो महिलाओं की मौत, ट्रक ने मारी थी बाइक को टक्कर

राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार शाम तकरीबन 5:30 बजे केशकाल घाटी के दसवें मोड़ में बेकाबू ट्रक ने मोटरसाइकिल को रौंद दिया है। इस दुर्घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से घायल हुई गर्भवती महिला को केशकाल पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया था। जहां डॉक्टरों के द्वारा उपचार करने के दौरान उसकी मौत हो गई है। फिलहाल शवों को पीएम के लिए मर्च्युरी में रखा गया है। केशकाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

केशकाल थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि, घाटी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायल महिला को केशकाल अस्पताल पहुंचा दिया गया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि मृतिका धनेश्वरी सलाम 7 महीने की गर्भवती थी। जो कि अपने पति संदीप सलाम व जेठानी के साथ सोनोग्राफी करवाने कांकेर गई हुई थी। सोनोग्राफी करवा कर सभी लोग अपनी मोटरसाइकिल से अपने घर हिचका (धनोरा) लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ।

इसी तरह केशकाल बीएमओ डॉ. डी.के बिसेन ने बताया कि उक्त सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरी महिला को सिर में गम्भीर चोट आने के चलते उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। लगभग 15-20 मिनट तक उपचार करने के दौरान उसकी भी मौत हो गई है। सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Advertisements
Advertisement