अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा अवधी चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें भगवान श्रीराम की जीवन यात्रा को चित्रों के माध्यम से उकेरा गया। साथ ही, मिलेट्स फूड प्रदर्शनी और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की झलक भी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल तथा मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने किया. उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों और प्रदर्शनियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की.
रामकथा का जीवंत चित्रण
चित्रकला प्रदर्शनी में राम-शबरी मिलन, राम-सुग्रीव मित्रता, ताड़का वध, निषादराज से मित्रता, राम-हनुमान संवाद तथा अयोध्या के सरयू तट की महिमा को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में श्रीराम के राज्य व्यवस्था, वनगमन और राक्षस संहार के दृश्यों का सजीव चित्रण किया गया। खासतौर पर हनुमान जी के श्रीराम के प्रति समर्पण की भावनात्मक चित्रकारी ने दर्शकों को आकर्षित किया.
मिलेट्स फूड प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मंत्री रजनी तिवारी ने आवासीय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों द्वारा लगाई गई मिलेट्स फूड प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने ज्वार, बाजरा, रागी, सांवा, चना और काकुन सहित 26 प्रकार के मोटे अनाजों से बने पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया. उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक आहार में मोटे अनाज को शामिल करने की सलाह दी और केंद्र सरकार की अन्नश्री योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
शैक्षणिक उपलब्धियों की प्रदर्शनी
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की प्रगति को प्रदर्शित करने वाली एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई. इसमें विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और नवाचारों को प्रस्तुत किया गया. कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने गुणवत्तापरक शिक्षा और शोध कार्यों को बढ़ावा देने पर जोर दिया.
इस भव्य आयोजन ने विद्यार्थियों और आगंतुकों को श्रीराम के जीवन आदर्शों से जोड़ने के साथ ही पौष्टिक आहार और शैक्षणिक प्रगति को भी केंद्र में रखा.