छत्तीसगढ़ में जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे 63 पर कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि कार के एयर बैग खुल गए। जिससे कार में सवार कांग्रेस से जगदलपुर के पूर्व MLA रेखचंद जैन समेत अन्य कांग्रेसी बाल-बाल बच गए। मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा बास्तानार के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि, कांग्रेस के नेता बास्तानार गए हुए थे। वे सभी बीजापुर की तरफ से जगदलपुर की तरफ लौट रहे थे। वहीं एक बाइक सवार युवक जगदलपुर की तरफ से बीजापुर की तरफ जा रहा था। इसी बीच कार और बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंची। मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
दंतेवाड़ा में भी हुआ हादसा
इधर, जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे पर कारली के पास किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 2 युवक घायल हो गए थे। वे सड़क पर ही बेसुध पड़े थे। वहां से गुजरने वालों ने इसकी जानकारी गीदम के थाना प्रभारी विजय पटेल को दी। जिसके बाद थाना प्रभारी ने तत्काल गीमद से पुलिस बल को मौके के लिए भेजा।
जिसके बाद एंबुलेंस108 के पहुंचने से पहले ही पुलिस की गाड़ी में दोनों घायलों को गीदम अस्पताल लाया गया। जिससे उनकी जान बच गई। ये दोनों युवक कहां के हैं, इनका नाम क्या है फिलहाल यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।