जबलपुर में चार युवकों ने 50 साल के व्यक्ति को लाठी-रॉड से पीटा, अस्पताल में मौत

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में धक्का लगने को लेकर विवाद में चार युवकों ने एक व्यक्ति पर लाठी, रॉड से हमला कर दिया। घटना के दो घंटे बाद घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। प्रभात नगर निवासी बच्चू राम नुनिया 50 वर्षीय प्राइवेट नौकरी करता था।

Advertisement

वह मंगलवार को खाना खाने के बाद रात को 11 बजे टहलने के लिए निकला। उसके घर से कुछ ही दूरी पर चार युवक खड़े थे। वे किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। तभी रास्ते से निकलने के दौरान बच्चू राम का धक्का एक युवक को लग गया। इस पर युवक आक्रोशित हो गया।

उसके साथी भी बच्चू के साथ विवाद करने लगे। इसी बीच युवकों ने लाठी और रॉड से बच्चू राम की पिटाई कर दी। इतना मारा कि वह लगभग बहोश हो गए। उसके बाद युवक भाग गए।

आधा घंटा सड़क किनारे पड़े रहे

आरोपितों मारपीट के बाद बच्चू को मरा समझकर भाग गए। घायल बच्चू सड़क किनारे लगभग आधा घंटा तक पड़े रहे। उन्हें इतनी चोट थी कि वह किसी को आवाज देकर नहीं बुला सकें। देर रात की घटना और वहां अंधेरा होने के कारण किसी की जल्दी नजर नहीं पड़ी। बाद में आसपास के लोगों ने देखा तो उसे अस्पताल पहुंचाया।

माफी मांगी, लेकिन नहीं पसीजे

घायल को जब स्वजन अस्पताल लेकर जा रहे थे तो उसने राजीव रेवाड़ी, अंकित, मुकेश एवं सर्विस अहिरवार द्वारा विवाद किए जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने की जानकारी दी। उसने बताया कि मामूली बात पर विवाद हुआ। धक्का लगने पर उसने युवकों से माफी मांगी, लेकिन वे उसके साथ मारपीट करते रहे। सभी ने उसे डंडे और रॉड से बहुत मारा।

उपचार के दौरान मौत

घायल को विक्टोरिया जिला अस्पताल ले जाया गया था। जहां, आरंभिक उपचार के बाद घायल की स्थिति गंभीर होने पर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

चारों आरोपित फरार

पुलिस ने आरोपित राजीव रेवाड़ी, अंकित, मुकेश एवं सर्विस अहिरवार के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है। वारदात के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

Advertisements