रंग खेलने निकले थे, तेज स्‍पीड में चला रहे थे गाड़ी, अंबिकापुर में बाइक-स्‍कूटी की टक्‍कर में दो की मौत, दो की हालत नाजुक

अंबिकापुर। अंबिकापुर के भगवानपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को मोटरसाइकिल व स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल और स्कूटी में सवार दो युवकों की मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। चारों युवक रंग खेलने घर से निकले थे। तेज गति को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।

Advertisement

अंबिकापुर के गांधीनगर निवासी बृजेश रजक(25) दोस्त के साथ अपाचे स्पर्टस बाइक से होली पर्व के दिन सुबह घर से निकला था।

वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित भगवानपुर में उनकी मोटरसाइकिल की स्कूटी से जोरदार टक्कर हो गई। स्कूटी में गांधीनगर निवासी अंकित यादव(26) और उसका दोस्त सवार था।

होली की मस्ती में युवाओं ने हेलमेट भी नहीं पहना था। आसपास मौजूद लोगों ने सभी को सड़क से उठाया और मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। घायल युवकों को भी गंभीर चोट है।

एक युवक के चेहरे की कई हड्डियां टूट गई हैं। घटना से मृतकों के स्वजन में मातम पसर गया है। बड़ी संख्या में स्वजन और परिचित भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंच गए थे।

अंबिकापुर शहर में पुलिस की सख्ती के बाद भी सुबह से ही दोपहिया वाहनों में तीन सवारी और तेज गति से वाहन चलाकर युवाओं को मस्ती करते देखा गया।

होली के दिन सड़क दुर्घटना की शहर में ही तीन और घटनाएं भी हुई।

 

Advertisements