अयोध्या: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण शनिवार को अपने माता-पिता, बड़े भाई, पत्नी और बच्चों के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन किए और आरती में भी भाग लिया.
इस दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात की। ट्रस्ट की ओर से लक्ष्मण का स्वागत किया गया और उन्हें रामलला की प्रतिमा तथा मंदिर का मॉडल भेंट किया गया। चंपत राय ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़ी अहम जानकारियां भी दीं, जिनमें वर्षाजल संचयन के लिए बनाए जा रहे 36 जल संचयन स्थल और मंदिर परिसर में जल एवं सीवरेज प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी शामिल थी.
रामलला के दर्शन के बाद वीवीएस लक्ष्मण ने अपनी माता सत्यभामा का जन्मदिन अयोध्या में परिवार संग मनाया। इसके बाद उन्होंने सरयू नदी के तट पर होने वाली भव्य आरती में भी हिस्सा लिया.
रविवार को लक्ष्मण राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट परिसर में संचालित सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के निरीक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। यह अस्पताल श्री सत्य साईं संजीवनी चाइल्ड हर्ट केयर सेंटर, बेंगलुरु के ट्रस्ट से जुड़ा हुआ है और बच्चों के हृदय रोगों के इलाज के लिए समर्पित है. लक्ष्मण ने अस्पताल द्वारा दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया और अपनी आस्था के प्रतीक स्वरूप श्रीरामलला को वस्त्र भेंट करने की इच्छा भी व्यक्त की, ट्रस्ट की ओर से उन्हें इस संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
वीवीएस लक्ष्मण की इस आध्यात्मिक यात्रा ने उनके धार्मिक आस्था को दर्शाया और अयोध्या के धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के प्रति उनके विशेष लगाव को भी दर्शाया.