गाय के पेट से निकली 50 किलो पॉलीथीन, कोंडागांव में 8 घंटे चली सर्जरी; दुर्गाष्टमी पर डॉक्टरों ने बचाई जान…

कोंडागांव में दुर्गाष्टमी के दिन पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने एक गाय की जान बचाकर सच्ची सेवा का उदाहरण पेश किया। मरणासन्न अवस्था में पड़ी गाय के पेट से रूमेनोटोमी सर्जरी के जरिए करीब 50 किलो पॉलीथीन निकाली गई।

Advertisement

गाय की हालत बेहद नाजुक थी। वह खाना-पीना तक छोड़ चुकी थी। महिला पशु चिकित्सक डॉ. ढालेश्वरी और डॉ. अनिल की टीम ने 8 घंटे की कड़ी मेहनत से सफल सर्जरी की। सर्जरी के बाद गाय की हालत स्थिर है। वह डॉक्टरों की निगरानी में है।

पॉलीथीन का कम उपयोग करने की अपील

पशुपालन विभाग ने लोगों से पॉलीथीन का कम उपयोग करने की अपील की है। साथ ही कूड़ा खुले में न फेंकने और पशुओं को कचरा खाने से रोकने का आग्रह किया है।

यह घटना पशु सेवा का उदाहरण होने के साथ प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों से भी आगाह करती है।

क्या है पॉलीथीन इम्पैक्शन?

डॉ. ढालेश्वरी ने बताया कि, गायों में पॉलीथीन इम्पैक्शन कूड़े के ढेर से चारा खाने से होता है। इससे पशु की भूख मर जाती है। जुगाली बंद हो जाती है। पेट फूल जाता है और कब्ज की समस्या हो जाती है।

सफल ऑपरेशन में डिप्टी डायरेक्टर डॉ. शिशिरकांत पांडे का मार्गदर्शन और कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान डॉ. ओमप्रकाश का सहयोग मिला। पशु के मालिक और शिक्षक पवन साहू ने डॉक्टरों का आभार जताया।

Advertisements