छत्तीसगढ़ में लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। तेज गर्मी और बारिश दोनों ही लोगों को झेलना पड़ सकता है। बिलासपुर में शुक्रवार को आंधी-तूफान से अनिरुद्धाचार्य का पंडाल तहस-नहस हो गया।
एक दिन बाद ही यानी आज (19 अप्रैल) से अनिरुद्धाचार्य महाराज की कथा सीपत में होनी थी। तेज आंधी-तूफान में पूरा पंडाल गिर गया। वहीं साउंड, कूलर, टेंट सब भीगकर खराब हो गए। सुरक्षा में चूक पर आयोजकों को नोटिस जारी हुआ है। कथा के बीच ऐसा होने पर बड़ा हादसा भी हो सकता था।
पूरे प्रदेश में तेज गर्मी और बारिश दोनों से ही लोगों को झेलना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में तापमान लगातार 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, वहीं दूसरी ओर बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
24 घंटे में 2-3 डिग्री तक बढ़ा पारा
एक तरफ लू जैसी गर्मी परेशान करेगी, तो दूसरी तरफ बादल गरजेंगे और कहीं-कहीं बारिश भी होगी। शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान बिलासपुर और रायपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों में राजधानी रायपुर में तापमान 2.2 डिग्री बढ़ा, वहीं सरगुजा में 2.1 डिग्री का इजाफा हुआ। जबकि सबसे ठंडा रहा अंबिकापुर, जहां रात का न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई और गरज-चमक भी देखने को मिली।
अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत
प्रदेश के बारिश और गर्मी दोनों का ही असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी और ज्यादा तेज़ हो सकती है।
इसके साथ ही, अगले 4 दिनों तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल गरजने और बिजली गिरने की घटनाएं भी जारी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नज़र बनाए रखने की सलाह दी गई है।
रायपुर का हाल, बारिश के बावजूद गर्मी कायम
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई (सुबह 0.6 मिमी और शाम 0.4 मिमी), लेकिन गर्मी पर इसका खास असर नहीं पड़ा। दिन का तापमान 41.4°C रहा जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है।
रात का तापमान भी 27.2°C रहा, जो औसत से 2.2 डिग्री ऊपर रहा। हवा की रफ्तार 7 किमी/घंटा रही और आर्द्रता करीब 60% के आसपास रही, जिससे उमस भी महसूस हुई।
कहां-कहां हुआ असर?
- माना एयरपोर्ट में तापमान 41.0°C, रात का 25.8°C रहा।
- पेंड्रारोड में 40.6°C तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.3°C ज्यादा है।
- अंबिकापुर में रात सबसे ठंडी रही – 21.7°C। यहां हल्की बारिश (ट्रेस) हुई।
- जगदलपुर में तापमान कम रहा – 36.0°C, पर आर्द्रता ज्यादा (74%) के कारण चिपचिपी गर्मी महसूस हुई।
अगले कुछ दिन कैसे रहेंगे?
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री और बढ़ सकता है। इसके साथ ही अगले 4 दिन तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर में आज इस तरह रहेगा मौसम
- आसमान साफ रहेगा लेकिन दोपहर या शाम को हल्के बादल छा सकते हैं।
- अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 26°C के आसपास रहने की संभावना