आखिर कौन है रायपुर निगम का नेता प्रतिपक्ष?:​​​​​​​PCC ने आकाश तिवारी को नियुक्त किया, निगम संदीप साहू को मानता है नेता प्रतिपक्ष

रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष को लेकर कॉन्ट्रोवर्सी चल रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश शर्मा को पार्टी की ओर से नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है, लेकिन रायपुर निगम संदीप साहू को ही नेता प्रतिपक्ष मानता है।

Advertisement

दरअसल, मंगलवार को निगम में सामान्य सभा का विशेष सत्र बुलाया गया। जिसमें आकाश तिवारी नहीं पहुंचे। बल्कि संदीप साहू ही विपक्षी दल के नेता के रूप में सदन में अपनी बात रखते नजर आए। वहीं, संदीप साहू ने कहा कि, गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण करूंगा।

कांग्रेस बोली- निगम को PCC के आदेश को मानना चाहिए

 

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चुनने की प्रक्रिया है। उस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद प्रदेश के सभी नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की सूची जारी की गई। उसे विधिवत नगर निगम को भेजा गया है।

 

रायपुर निगम में भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मंत्री मलकीत सिंह गैदू ने सूचित किया है। इस पर नगर निगम को कार्रवाई करनी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। इसलिए निगम को उन्हें ही नेता प्रतिपक्ष नियुक्ति करना चाहिए।

महामंत्री ने नगर निगम को लिखा है पत्र

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से पत्राचार के संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। मुझे जानकारी मिली है कि, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री ने नगर निगम को पत्र लिखा है। मुझे लगता है कि आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष का दायित्व देना चाहिए।

पूरे मसले पर कहां मिस-अंडरस्टैंडिंग हुई है इस पर संगठन गंभीरता से ले रहा है। कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिसे नेता प्रतिपक्ष चुना है। निश्चित तौर पर नगर निगम को उन्हें जिम्मेदारी देनी चाहिए।

पहले संदीप साहू को बनाया गया था नेता प्रतिपक्ष

दरअसल, निगम बजट के पहले शहर जिला काग्रेस कमेटी ने संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था। इसके लिए लेटर भी जारी कर दिया गया था। संदीप का दावा है कि, उनकी नियुक्ति PCC की पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर की मौजूदगी में सभी पार्षदों और विधायकों से चर्चा के बाद हुई थी।

बाकायदा पीसीसी के पर्यवेक्षक प्रतिमा चंद्राकर ने सभी छाया पार्षदों और विधायकों से चर्चा करने के बाद उनके नाम का ऐलान किया गया था। पार्षद दल का नेता चुनने के लिए नेताओं से भी बात की, फिर नगर निगम आयुक्त और महापौर को लेटर भेजा गया था।

गुरुवार को पद भार ग्रहण करूंगा- संदीप

संदीप साहू ने कहा कि, कल गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण करूंगा। इसलिए अभी नगर निगम कार्यालय में मैं नेता प्रतिपक्ष की सीट में नहीं बैठ रहा हूं। पदभार ग्रहण की तैयारी चल रही है। नगर निगम की ओर से मुझे कमरा भी अलॉट किया गया है। लेटर पैड भी जारी किया गया है।

16 अप्रैल को प्रदेश कांग्रेस ने आकाश को बनाया नेता प्रतिपक्ष

16 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से 10 नगर निगमों के नेता प्रतिपक्ष और उप नेता प्रतिपक्ष के नामों की नई लिस्ट जारी की गई थी। इसमें रायपुर से आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष और जयश्री नायक को उप नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। इससे पार्टी के भीतर भी नाराज़गी देखी गई थी और साहू समाज के लोगों ने भी कांग्रेस भवन जाकर विरोध किया था।

Advertisements