छिंदवाड़ा में पति ने पत्नी को मारा चाकू, गले और छाती में किया वार

छिंदवाड़ा के परासिया रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे शुक्रवार सुबह एक महिला पर उसके पति ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। आरोपी पति ने घर में पत्नी की छाती और हथेली पर चाकू से वार किए। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, देहात थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा उइके (35) नागपुर रोड स्थित एक टीवीएस एजेंसी में काम करती हैं। वह बीते कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और घर पर ही थीं। शुक्रवार सुबह जब वह दवाई लेकर आराम कर रही थीं, तभी उनका पति प्रकाश उइके पिता गणेश उइके, उनके किराए के मकान पर पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और प्रकाश ने कृष्णा पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में महिला की छाती और हाथ की हथेली पर गंभीर चोटें आई। घटना के समय कृष्णा की बेटी भी घर पर मौजूद थी। मां पर हमले को देख वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिससे घबराकर आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस के अनुसार, कृष्णा अपने पति से लंबे समय से अलग रह रही हैं। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।

Advertisements