सागर में एक युवक को बेल्ट से तब तक पीटा गया, जब तक उसके हाथ पैर चलना बंद नहीं हो गया। युवक की मौत हो गई। अब मारपीट का वीडियो सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजनों ने भी इन पर हत्या का आरोप दर्ज कराया था।
1 मई को ही बांदरी थाना क्षेत्र के ग्राम पिठोरिया में शरद तिवारी का शव सड़क पर पड़ा मिला था। वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए गया था, यहीं किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ। इसके बाद उसका शव सड़क पर पड़ा मिला।
पुलिस के सामने तभी से यह गुत्थी थी कि आखिर युवक को किसने मारा।
1 मई को पिठोरिया-बांदरी रोड पर पुलिया के पास युवक का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान शरद (21) पिता धनप्रसाद तिवारी साल निवासी पिठोरिया के रूप में हुई। एफएसएल टीम ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले। मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया।
छानबीन के दौरान गांव में रहने वाले तीन युवकों के नाम सामने आए। परिवार वालों ने भी उन पर बेटे के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया था।
जिसके आधार पर पुलिस टीमों ने तलाश करते हुए आरोपी विनोद पिता घनश्याम रजक (25), बंटी उर्फ कैलाश पिता हरीराम रजक उम्र (45) दोनों निवासी ग्राम पिठोरिया और देवेन्द्र उर्फ गंगाराम पिता महेश रैकवार (22) वर्ष निवासी नई बस्ती बांदरी को गिरफ्तार किया।
शादी समारोह में थप्पड़ मारने का बदला लेने हत्या की घटना वाले दिन मृतक शरद तिवारी बांदरी में आयोजित एक शादी समारोह में गया था। बताया गया कि यहां पर उसे बंटी मिला, उनके बीच कहासुनी हुई। तभी शरद ने बंटी को थप्पड़ मार दिया। इसी बात से गुस्साए बंटी ने अपने भतीजे विनोद और उसके दोस्त देवेंद्र के साथ मिलाकर शरद को मारने की साजिश रची थी।
रास्ते में शरद को तीनों ने पकड़ लिया। उसके साथ पत्थर और बेल्ट से जमकर मारपीट की। मारपीट में आई चोटों के कारण शरद की मौके पर मौत हो गई थी। घटना छिपाने के लिए आरोपियों ने पिकअप वाहन में शव रखा और पिठोरिया-बांदरी रोड पर लेकर जाकर पुलिया के पास फेंक दिया था।