बस्तर संभाग में आदिवासियों, जल-जंगल-ज़मीन और खनिज को संरक्षित रखने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज की न्याय यात्रा की शुरुआत बचेली के बजाय किरंदुल शुरू होगी, जो 29 मई को दंतेवाड़ा में समाप्त होगी।
इस दौरान 29 मई को कांग्रेस कार्यकर्ता दंतेवाड़ा कलेक्ट्रेट का घेराव भी करेंगे। इस न्याय यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। दीपक बैज ने बताया कि पहले यह यात्रा बचेली से शुरू होने वाली थी, लेकिन कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद इसे किरंदुल से शुरू किया जा रहा है। 28 मई को यह यात्रा समाप्त होने थी, लेकिन इसे बढ़ाकर 29 मई किया गया है।
निजी उद्योगपतियों को माइंस बेची जा रही
दीपक बैज ने कहा कि, डबल इंजन की सरकार दंतेवाड़ा, बैलाडीला की माइंस को निजी उद्योगपतियों को बेच रही है। जिसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी यह न्याय यात्रा निकालने वाली है। प्रदेश के खनिज जल-जंगल-जमीन को बचाने की यह न्याय यात्रा है।
40 किलोमीटर की होगी यात्रा
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि, चार दिवसीय न्याय पदयात्रा की शुरुआत 26 मई दोपहर में किरंदुल से होगी। इस यात्रा में संभाग के अलावा प्रदेश भर के कार्यकर्ता जुटेंगे। कुल 40 किमी की पदयात्रा कर 29 मई को सुबह 11 बजे यात्रा जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा पहुंचेगी। जहां से कलेक्टर दफ्तर का घेराव कर जल जंगल जमीन की रक्षा के लिए ज्ञापन दिया जाएगा।
बैज को चिट्ठी भेजकर राहुल ने कहा था- हमें न्याय की लड़ाई जारी रखनी होगी
राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को 8 मई को चिट्ठी भेजकर कहा था कि हमें न्याय की लड़ाई जारी रखनी होगी और लोगों तक आशा का संदेश पहुंचाना होगा।
राहुल गांधी ने पत्र में लिखा,
प्रिय दीपक बैज, आशा करता हूँ कि आप कुशल होंगे। मैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा महिलाओं के खिलाफ हो रहे भयावह अपराधों और राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ पदयात्रा निकालने के लिए आपकी सराहना करता हूँ। हमें न्याय की लड़ाई जारी रखनी होगी और लोगों तक आशा का संदेश पहुँचाना होगा।