भिलाई शिवसेना जिलाध्यक्ष चला रहा था महादेव सट्टा ऐप:म्यूल अकाउंट के जरिए आता पैसा, बताता प्रॉपर्टी डीलिंग का था, 2 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में पुलिस ने महादेव सट्टा ऐप का संचालन करने वाले शिव सेना भिलाई जिलाध्यक्ष आकाश राजपूत और उसके साथी धर्मेंद्र निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। यह दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग की आड़ में ऑनलाइन सट्टे का पैसा खपा रहे थे। मामला नंदिनी थाना इलाके का है।

Advertisement1

एसीसीयू प्रभारी डीएसपी अजय सिंह ने बताया कि, इनके पास से म्यूल अकाउंट मिले हैं। जिसमें ठगी के पैसों का लेनदेन करते थे। ऑनलाइन सट्टा के जरिए जो पैसे आते थे, उसे कई खातों के जरिए मंगाकर निकालते थे। उस पैसों को प्रॉपर्टी डीलिंग का बताते थे।

एचडीएफसी बैंक के खाते में आता था सट्टे का पैसा

जांच में पता चला कि, एक अकाउंट कुरुद निवासी धर्मेंद्र निर्मलकर के नाम पर है, जो कि एचडीएफसी बैंक में संचालित है। अकाउंट को चेक करने पर पाया गया कि, उसमें साइबर फ्रॉड यानी ऑनलाइन सट्टे के पैसों का लेन-देन हुआ है।

पुलिस ने जब धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो पता चला कि उसने अपना अकाउंट ढांचा भवन कुरुद निवासी शिवसेना भिलाई के युवा विंग जिलाध्यक्ष आकाश राजपूत को दिया है। उस अकाउंट में ऑनलाइन सट्टा से जुड़ी रकम 5 हजार रुपए जमा हुए हैं। उसे पता था कि, इसका गलत इस्तेमाल होगा।

मौर्या कंस्ट्रक्शन में करता था काम

भगवा चौक कुरुद के पास संचालित मौर्या कंस्ट्रक्शन में आकाश काम करता था। वहां के संचालक चंद्रकांत मौर्या से जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि, आकाश शिव सेना और गौ रक्षा से जुड़ा था। वो काम पर कम और छुट्टी अधिक मारता था। पिछले एक महीने से वो काम पर नहीं आ रहा था।

उनका कहना है कि उसका काम नेतागिरी से जुड़े होने के चलते इतनी छुट्टी मारने पर उन लोगों ने कभी उस पर शक नहीं किया कि, वो इस तरह का काम करता होगा। पुलिस का फोन आया था उनके पास, तब उसके बारे में पता चला।

सुपेला पुलिस ने भी एक आरोपी को किया गिरफ्तार

इधर, सुपेला पुलिस ने म्यूल अकाउंट मामले में आरोपी सुधीर साव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि शिव कुमार साव ने शिकायत की थी कि उसका अकाउंट उत्कर्ष स्मॉल फायनेंस बैंक में खुला है। उसके अकाउंट को उसके जीजा सुधीर साव ने इस्तेमाल करने के लिए उससे लिया है।

कुछ दिन बाद उसे पता चला कि सुधीर साव उसके अकाउंट का उपयोग धोखाधड़ी से प्राप्त पैसों के लेन-देन के लिए कर रहा है। पुलिस ने जब खाते की जांच की तो पता चला कि उस म्यूल अकाउंट में 30000 रुपए की ठगी का पैसा जमा हुआ है। पुलिस ने आरोपी धुरीर साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Advertisements
Advertisement