सक्ती जिले में म्यूल अकाउंट से साढ़े 3 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। 2 आरोपियों ने देशभर में 60 से ज्यादा साइबर ठगी की है। इसमें छत्तीसगढ़ के खाता धारकों को भी जाल में फंसाकर उनसे पैसे लिए।
पहले आरोपी सौरभ अग्रवाल उर्फ चीनू के पीएनबी बैंक खाते में 14 से 30 जनवरी 2024 के बीच 3 करोड़ 48 लाख 73,171 रुपए का संदिग्ध लेनदेन मिला। सौरभ के खिलाफ देशभर में 60 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। इनमें हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन सट्टे से जुड़े अपराध शामिल हैं।
दूसरे आरोपी चरौदा निवासी निखिल कर्ष के पीएनबी खाते में 11 से 30 जनवरी 2024 के बीच 5 करोड़ 43 लाख 62,525 रुपए का संदिग्ध लेनदेन हुआ। निखिल के खिलाफ 66 साइबर ठगी की शिकायतें मिली हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, बिहार और कर्नाटक के 5 मामले शामिल हैं।
दो म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो म्यूल अकाउंट धारकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर की गई।
न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सक्ती में धारा 420 IPC के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में निखिल की भूमिका प्रथम-स्तरीय म्यूल अकाउंट होल्डर के रूप में सामने आई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अन्य और आरोपियों की तलाश जारी
दोनों मामलों में साइबर सेल सक्ती और थाना सक्ती की संयुक्त टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है। सक्ती पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि साइबर अपराधियों और म्यूल अकाउंट होल्डरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।