केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को सीहोर में 113.45 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने न केवल विकास योजनाओं की शुरुआत की, बल्कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ अपने संबंधों को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों को भी पूरी स्पष्टता से खारिज किया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की सेवा उनका नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है, जिसे वे अंतिम सांस तक निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव उनके मुख्यमंत्री हैं और वे उनके साथ पूरी तरह खड़े हैं। उन्होंने कहा, “पार्टी जो काम देती है, उसे मैं पूजा मानकर करता हूं। हमारा कॉन्सेप्ट क्लियर है, मोहन यादव मुख्यमंत्री हैं और उनकी कल्पनाशीलता और विकास की तड़प प्रदेश को लगातार आगे बढ़ा रही है।”
शिवराज ने कहा कि वे चाहते हैं कि मुख्यमंत्री मोहन यादव उनके से बेहतर काम करें और प्रदेश के लिए ज्यादा से ज्यादा योगदान दें। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र बुधनी में वे पैदल पदयात्रा कर मॉडल गांव बनाने, जल संरक्षण, बिजली बचत, स्वच्छता, किसानों और वैज्ञानिकों के बीच संवाद जैसे कई प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधि का धर्म बताया।
मंत्री चौहान ने मीडिया पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार उनके प्रयासों को गलत तरीके से पेश किया जाता है। उन्होंने कहा, “मैं कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में दिन-रात काम कर रहा हूं। पहले प्रदेश के लिए काम किया, अब पूरे देश के लिए काम कर रहा हूं। पार्टी का निर्देश मेरे लिए ब्रह्मवाक्य है।” इस अवसर पर सीहोर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मिलकर विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और जनता को संबोधित किया