विधवा बहू की गोली मारकर हत्या, तीन फायर किए:मुरैना में ससुर दूसरी शादी के लिए दबाव बना रहा था

मुरैना में ससुर ने विधवा बहू की गोली मारकर हत्या कर दी। वह बहू की शादी अपने बड़े भाई के बेटे से कराना चाहता था, जिसके लिए महिला मना कर रही थी। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने बहू पर तीन फायर किए। एक गोली दीवार में लगी, जबकि दो गोली उसके सीने में लगी।

Advertisement

घटना बुधवार देर रात की है। सिविल लाइन इलाके में सिकरौदा नहर के पास ज्ञान सिंह गुर्जर (65) ने बहू प्रियंका (25) को 315 बोर के कट्टे से गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

महिला के पति की कुछ दिन पहले ही मौत हुई है। तब से वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। वह 4 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी।

सिविल लाइन थाना प्रभारी दर्शन लाल शुक्ला ने बताया कि ससुर ने बहू की हत्या कर दी है। आरोपी फरार है। हत्या की ठोस वजह अभी सामने नहीं आई है। मामले की जांच कर रहे हैं।

शादी का दबाव बना रहा था ससुर मृतक महिला के भाई मुकेश ने बताया, ससुर ज्ञान सिंह बहन पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रहा था। वह अपने बड़े भाई अवतार सिंह के बेटे ध्रुव (27) से प्रियंका की शादी करवाना चाहता था। ध्रुव की शादी नहीं हुई है। बहन इस रिश्ते से इनकार कर रही थी क्योंकि उसके पहले से तीन बच्चे हैं। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होता रहता था।

गोली की आवाज सबसे पहले ध्रुव ने ही सुनी थी। वह चिल्लाया कि चाचा ने बहू को मार डाला। ध्रुव ज्ञान सिंह के पड़ोस में ही रहता है।

गुरुवार को महिला का पोस्टमॉर्टम किया गया। इस दौरान परिजन मौजूद रहे।

ज्ञान सिंह की दोनों पत्नियों की मौत आरोपी ज्ञान सिंह के बड़े भाई कमल सिंह ने बताया, ज्ञान सिंह की दो शादियां हुई थी। पहली शादी से एक बेटी है, जिसकी शादी कर दी गई है। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने गुड्डी नाम की महिला से दूसरी शादी की। गुड्डी के दो बेटे और दो बेटियां हुई। 37 साल की उम्र में गुड्डी की भी मौत हो गई। ज्ञान सिंह ने बच्चों को पाला और चारों की शादी की, लेकिन दोनों बेटों को शराब की लत लग गई।

डेढ़ साल में दो बेटों की मौत पुलिस के अनुसार ज्ञान सिंह के दोनों बेटों की मौत पिछले डेढ़ साल में हो चुकी है। गांव वालों का कहना है कि एक बेटे की लाठियों से पिटाई में मौत हुई, जबकि दूसरे ने जहर खा लिया था। इन दोनों मामलों के लिए भी लोग ज्ञान सिंह को ही जिम्मेदार मानते हैं।

प्रियंका के पति अजय की मौत 9 जून 2024 को हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी लड़की 7 साल की है। उससे छोटे 5 साल और 3 साल के दो बेटे हैं।

सेना की नौकरी छोड़ भागा स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का स्वभाव गुस्से वाला है। वह पहले सेना में नौकरी करता था, लेकिन बीच में ही छोड़कर लौट आया। पेंशन नहीं मिलती है और खेती भी बेच चुका है। घर में पहले से तनाव का माहौल था। बेटों की शराबखोरी से वह परेशान रहता था।

 

 

Advertisements