फ्रिज खोलते समय फटा, किसान की मौत:खैरागढ़ में दोनों पैर के चिथड़े उड़े; अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक किसान के घर रखा फ्रीज अचानक फट गया। 16 जून को हुए हादसे में 52 वर्षीय श्रीराम वर्मा की मौत हो गई। विस्फोट इतना तीव्र था कि उनके दोनों पैर क्षतिग्रस्त हो गए। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं थी।

Advertisement

घटना छुईखदान क्षेत्र के ग्राम भोरमपुर की है। श्रीराम वर्मा जब सुबह फ्रिज से सामान निकालने के लिए दरवाजा खोल रहे थे, तभी विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है गंभीर चोटों के कारण ज्यादा ब्लड निकलने से उनकी मौत हुई। बताया जा रहा है वर्मा परिवार बहुत पुराने फ्रीज का इस्तेमाल कर रहा था।

रास्ते में ही तोड़ा दम

घटना के बाद परिजन तुरंत उन्हें छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव और आंतरिक चोटों के कारण रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। श्रीराम वर्मा के परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।

पुराने मॉडल का था फ्रीज

विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फ्रिज रातभर बंद था। यह पुराने मॉडल का फ्रिज था। तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार कंप्रेसर फेल होने, गैस रिसाव या ओवरलोड इलेक्ट्रिकल सर्किट से ऐसा विस्फोट हो सकता है।

कारणों का पता लगाने में जुटी टीम

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। बिजली विभाग और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के कारणों की जांच कर रही है। विशेषज्ञों ने सभी उपभोक्ताओं को घरेलू उपकरणों की नियमित जांच और सर्विसिंग कराने की सलाह दी है।

Advertisements