25 फीट ऊंचाई से गिर गए दो मजदूर भाई:बिलासपुर के कॉलोनी में काम करते समय हादसा, 11 KV करंट की चपेट में आए

बिलासपुर में एक प्राइवेट कॉलोनी इंदू इमेजिका में निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय 2 मजदूरी भाई 25 फीट नीचे जमीन पर गिर गए। जिससे दोनों घायल गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि, दोनों भाई छत पर काम कर रहे थे, तभी एक भाई 11 KV बिजली तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गया। जिसे बचाने के लिए उसका भाई दौड़ा। दोनों करंट से झुलस कर नीचे गिर गए। घटना चकरभाठा थाना क्षेत्र की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, हाईकोर्ट के पीछे ग्राम छतौना स्थित इंदू इमेजिका कॉलोनी विकसित हो रहा है। यहां प्लाट काटकर मकान निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार की शाम यहां बड़ा हादसा हो गया। कॉलोनी में शंकर लोकवानी के निर्माणाधीन मकान की छत पर मजदूर काम कर रहे थे।

शाम करीब 5.30 बजे रविंद्र मरकाम और उसका भाई शिवेंद्र मरकाम छत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान रविंद्र 11 KV तार की चपेट में आ गया। उसके चिल्लाने पर बचाने के लिए शिवेंद्र उसकी तरफ दौड़ा। जिसके बाद शिवेंद्र ने उसे खींचने की कोशिश की।

करंट से झुलस कर छत से नीचे गिर गए दोनों भाई

इस दौरान दोनों बिजली करंट के तेज झटके के साथ छत से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों बुरी तरह झुलस गए हैं। वहीं, छत से नीचे गिरने के कारण सिर और हाथ-पैर में भी चोट आई है। वहां काम करने वाले मजदूरों ने इस घटना की सूचना पुलिस के 112 को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने दोनों को तत्काल सिम्स में भर्ती कराया।

बिना सुरक्षा उपकरणों के करा रहे थे काम

मकान मालिक का नाम शंकर लोकवानी है। शंकर लोकवानी महामाया ट्रैक्टर ट्राली फर्म का संचालक है। उस पर आरोप है कि बिना किसी जरूरी सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों से छत पर काम करा रहा था। इसी दौरान दोनों तार की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए। सूचना मिलते ही देर शाम चकरभाठा पुलिस घटना स्थल पहुंच कर जांच कर रही है।

Advertisements