शिवप्रकाश की क्लास में तय हुई रणनीति: मंत्री-विधायकों को मिला टास्क, मोदी सरकार के समर्थन में बनाना होगा माहौल..

छत्तीसगढ़ के बीजेपी मुख्यालय में बुधवार को मंत्रियों और विधायकों की राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री शिवप्रकाश और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल ने सियासी क्लास ली। यह बैठक करीब 2 घंटे चली। जिसमें नेताओं को 29 जून तक पूरे प्रदेश में मोदी सरकार के प्रति माहौल बनाने का टास्क नेताओं को मिला है।

Advertisement

इस बैठक की शुरुआती हिस्से में अलग-अलग मोर्चा, प्रकोष्ठ और टोली के नेताओं से सीनियर लीडर ने मुलाकात की। पिछले कार्यक्रम का रिव्यू किया गया। इसके बाद डेट टू डेट तय किया गया है कि, किस दिन क्या कार्यक्रम प्रदेश में किए जाएंगे। विधायकों की बैठक को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रमों की जानकारी दी।

ये होंगे कार्यक्रम

नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे हो गए हैं। इसे लेकर प्रदेश में कई कार्यक्रम भाजपा करेगी। अरुण साव ने बताया कि, 29 जून तक भाजपा के विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला तय की गई है। भाजपा संगठन ने आगामी दिनों के लिए विस्तृत कार्यक्रम की योजना तैयार की है। इन पर संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन हमें मिला है।

  • 21 जून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन होंगे।
  • 25 जून: आपातकाल दिवस पर कई आयोजन होंगे।
  • आपातकाल की घटनाओं को जनता तक ले जाने के लिए कार्यक्रम किए जाएंंगे।
  • 23 जून: श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस की तैयारी भी प्रमुख एजेंडे में शामिल है। इस दिन भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर आधारित गोष्ठियां होंगी।
  • 25 जून: कार्यक्रम में भाजपा ये बताएगी कि कांग्रेस सरकार ने तब आपातकाल लगाकर संविधान की हत्या की थी।
  • आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा करने वालों का सम्मान होगा।
  • 29 जून: PM नरेंद्र मोदी के मन की बात के कार्यक्रम के प्रसारण को भी एक इवेंट की तरह भाजपा पूरे प्रदेश में आयोजित करेगी।
  • 15 अगस्त: भाजपा ‘एक वृक्ष–एक संकल्प’ अभियान को लेकर कार्यक्रम करेगी।

इन कार्यक्रमों का हुआ रिव्यू

भाजपा मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर ग्राम, वार्ड, शक्ति केन्द्र और बूथ स्तर पर 15 से 17 जून तक हर शक्ति केंद्र पर एक चौपाल कार्यक्रम आयोजित की जा रही थी। आयुष्मान योजना (वय वंदन) में शत-प्रतिशत वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण और कार्ड बनाने के काम हुए।

प्रदेश की राजधानी और बड़े नगरों में केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री गए वहां प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। जिला स्तर पर सेमिनार, लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान कार्यक्रम के अतिरिक्त छात्रों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थाओं को लक्षित कर कार्यक्रम किए गए इन कार्यक्रमों का रिव्यू संगठन के बड़े नेताओं ने किया।

Advertisements