Left Banner
Right Banner

तहसीलदार की पत्नी और छोटी बहू 4 दिन से घर के बाहर धरने पर, बोलीं- हमें निकाल दिया गया..

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तहसीलदार राहुल गुप्ता की पत्नी रेणु गुप्ता और उनके छोटे भाई रोहित गुप्ता की पत्नी वंदना गुप्ता पिछले 4 दिन से अपने ससुराल के बाहर बैठी हैं। अंदर जाने का इंतजार कर रही हैं, लेकिन घर के बाहर ताला लगा हुआ है। अब दोनों बहुओं का वीडियो वायरल रहा है।

जिसमें वे भावुक होकर घर में घुसने की अनुमति मांग रही हैं। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुवार सुबह प्रशासन हरकत में आया। बालोद एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद कोई हल नहीं निकल सका है।

ससुराल में रहना चाहती है दोनों बहुएं

अंबिकापुर की रहने वाली रेणु गुप्ता ने बताया कि, उसकी शादी नवंबर 2022 में बालोद के झलमला निवासी राहुल गुप्ता से हुई थी। तब वो नायाब तहसीलदार थे। यह शादी सरगुजा जिले के सीतापुर में रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। लेकिन शादी के महज 50 दिन बाद से उन्हें अलग कर दिया गया।

रेणु का आरोप है कि, ससुराल वालों के बुरे व्यवहार के कारण उसे मायके में रहना पड़ा। कई बार वह ससुराल लौटी, लेकिन हर बार उसे घर से निकाल दिया गया। तीन दिन पहले जब वो फिर ससुराल लौटी तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। तब से वह बाहर ही बैठी है। मैं अपने पति के साथ रहना चाहती हूं।

50 लाख का दिया दहेज, बच्चे का कराया अबॉर्शन

रेणु ने अपने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया कि, शादी से पहले क्रेटा कार और दहेज दिया गया। इसके बाद भी दहेज की मांग की गई। पेट में पल रहे बच्चे का अबॉर्शन करवा दिया गया। ससुराल वालों ने बिना मेरी जानकारी के दवा खिला दिया।

दूसरी बहू का प्रेम प्रसंग से हुआ था विवाह

वहीं, बालोद के झलमला निवासी दूसरी बहू वंदना ने बताया कि, उसका रोहित के साथ प्रेम प्रसंग के बाद आर्य समाज में जनवरी 2024 विवाह हुआ था। उसके बाद ससुराल पक्ष ने मारपीट की। शादी के बाद वो रोहित के साथ रही। लेकिन रोहित को अब उनके परिवार वालों ने कहीं छुपा दिया है।

मुझे और मेरे परिवार को बदनाम किया जा रहा- तहसीलदार राहुल गुप्ता

राहुल गुप्ता वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने बताया कि, कई बार समझौते की कोशिश की गई। लेकिन आपसी सहमति नहीं बन सकी। विवाह के बाद उनकी पत्नी रेणु पहले उनके माता-पिता के साथ रहने को तैयार नहीं हुई। बाद में जब वह उनके साथ रहने लगीं। तब भी अक्सर विवाद होते रहे और आपसी तालमेल नहीं बन पाया।

पत्नी ने कोर्ट में लगाई है याचिका

उन्होंने यह भी कहा कि, उनकी पत्नी कोर्ट में अलग रहने के लिए गईं। अब यह पूरा मामला न्यायालय के अधीन है और वे न्यायालय के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर उन्हें और उनके परिवार को बदनाम किया जा रहा है।

दहेज का आरोप गलत- राहुल

तहसीलदार राहुल ने दहेज मांगने और छोटे भाई की पत्नी को घर से बाहर निकालने के आरोपों पर कहा कि, उनका और उनके भाई का मामला अलग है। वे दहेज लेने के आरोपों को नकारते हैं। कहते हैं कि विवाह में जो भी उपहार मिले हैं, उनसे अधिक लौटाने को तैयार हैं। लेकिन यह सब न्यायालय के आदेश के तहत ही किया जाएगा।

Advertisements
Advertisement