गुवाहाटी:- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार (20 जून 2025) को बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम कांग्रेस के फेसबुक प्रचार में 47 इस्लामिक देशों से संचालित किए जा रहे हजारों अकाउंट शामिल हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया और कहा कि केंद्र सरकार को इसकी जानकारी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री सरमा के मुताबिक, पिछले एक महीने में 5000 से ज्यादा फेसबुक अकाउंट अचानक सक्रिय हुए हैं। इन अकाउंट्स के जरिए असम कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रचार और समर्थन में पोस्ट डाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अकाउंट्स में से कई ईरान, बांग्लादेश और फिलिस्तीन जैसे देशों से ऑपरेट हो रहे हैं और इनके कंटेंट से यह साफ झलकता है कि ये इस्लामिक कट्टरपंथी विचारधारा से प्रेरित हैं।
मुख्य बातें जो सीएम सरमा ने कहीं:
-
5000 फेसबुक अकाउंट पिछले एक महीने में अचानक सक्रिय हुए।
-
2092 अकाउंट्स का ऑडिट पूरा हो चुका है।
-
इन अकाउंट्स में से 68 बांग्लादेश, 23 पाकिस्तान, 2 फिलिस्तीन, 88 कुवैत, 54 फ्रांस, 16 इंडोनेशिया, 6 मिस्र, 4 जर्मनी, 6 ब्राजील समेत कुल 47 देशों से जुड़े अकाउंट हैं।
-
ये अकाउंट सिर्फ असम कांग्रेस के पेज और एक विशेष नेता पर फोकस कर रहे हैं, राहुल गांधी या कांग्रेस के राष्ट्रीय पेज पर कोई खास गतिविधि नहीं दिखाते।
सीएम सरमा ने नाम नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनका इशारा हाल ही में असम कांग्रेस अध्यक्ष बने गौरव गोगोई की ओर था। उन्होंने कहा कि यह हस्तक्षेप 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले असम की राजनीति में पहली बार देखा जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा, “यह केवल राजनीति का मामला नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है। केंद्र सरकार को इस पूरे मामले की जानकारी दी गई है।”