दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साउथ-वेस्ट और सेंट्रल जिलों से 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली के होटलों और घरों में छिपे हुए थे। पुलिस को लोकल इनपुट और टेक्निकल सर्विलांस से इनकी जानकारी मिली थी।
साउथ-वेस्ट जिले की पुलिस ने दिल्ली कैंट और महिपालपुर इलाके में छापा मारकर चार बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में मोहम्मद रोहन (ढाका), सुहेल अहमद (मीरगंज), मोहम्मद जुबराज (खर्रा) और अबु केस (ढाका) शामिल हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि इनका वीजा काफी समय पहले समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद ये अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्होंने इलाज के लिए भारत का वीजा लिया था और पुर्तगाल के वीजा का भी जिक्र किया।
वहीं, सेंट्रल जिले की पुलिस ने चांदनी महल इलाके में रेड कर 6 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। इनमें महिलाएं और दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। पकड़े गए लोगों में मरियम, तुलतुल, शिवली और अर्ज़ीना (सभी जशोर जिला, बांग्लादेश) के नाम शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से भारत से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये लोग भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए और दिल्ली में किस-किस ने इन्हें शरण दी। कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी आरोपियों को FRRO की मदद से बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ा कदम माना जा रहा है।