अहमदाबाद प्लेन क्रैश: बेबी शावर के बाद लौट रहे लंदन निवासी गर्भवती महिला और पति की मौत, अजन्मे बच्चे की भी गई जान

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश ने कई परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। इसी हादसे में लंदन से लौट रहे वैभव पटेल (29) और उनकी सात महीने की गर्भवती पत्नी जिनल गोस्वामी (27) की भी दर्दनाक मौत हो गई। दोनों अपने पहले बच्चे के बेबी शावर समारोह में शामिल होने के लिए अहमदाबाद आए थे और वापस लंदन लौट रहे थे। इस हादसे में उनके अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई।वैभव और जिनल की शादी ढाई साल पहले हुई थी। वैभव मूल रूप से गुजरात के धोलका तालुका के केलिया वासना गांव के रहने वाले थे। शादी के बाद वे लंदन में बस गए थे। इस बार वे अपने पहले बच्चे की खुशी में अपने गांव आए थे। रविवार को परिवार ने जिनल के लिए भव्य बेबी शावर का आयोजन किया था। परिवार और रिश्तेदारों के लिए यह खुशी का मौका अब हमेशा के लिए दुखद याद बन गया।

Advertisement

12 जून को दोनों लंदन लौटने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 से रवाना हुए थे। लेकिन टेक ऑफ के कुछ समय बाद ही विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में दो पायलट, 10 क्रू मेंबर और 229 यात्रियों की मौत हो गई। वैभव और जिनल की पहचान डीएनए जांच के बाद की गई। इस हादसे में सिर्फ एक यात्री, विश्वास कुमार रमेश, जिंदा बच पाए।वैभव के चाचा बलवंत पटेल ने कहा, “यह सिर्फ हमारे बेटे-बहू की मौत नहीं है, बल्कि हमारे सपनों, भविष्य और आने वाली पीढ़ी का भी अंत है। हमने न सिर्फ उन्हें खोया, बल्कि वह भविष्य भी खो दिया जो दो महीने बाद जन्म लेने वाला था।”यह हादसा उन सभी परिवारों के लिए जीवनभर का दर्द बन गया है, जिन्होंने अपनों को खो दिया। पूरे क्षेत्र में इस दुर्घटना को लेकर शोक की लहर है और हर कोई इस हादसे की भयावहता को शब्दों में बयां नहीं कर पा रहा है।

Advertisements