छत्तीसगढ़ में रविवार को मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी। 6 जिलों के सिर्फ 11 जगहों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो यही गति अगले दो दिन तक और बने रहेगी। इसके बाद मानसून फिर रफ्तार पकड़ेगा।
इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 33 जिलों में आज (सोमवार) को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश कम होने से प्रदेश का औसत तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 34.4°C दुर्ग और पेंड्रा रोड-जगदलपुर में 23.4°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
इसके अलावा सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में हुई है। यहां औसत 40 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। पिछले 6 दिनों में प्रदेश में 22.69 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन रविवार को इसमें कुछ गिरावट आई है।
सरगुजा में चार लोग बहे, 1 का शव बरामद
वहीं सरगुजा में गुरुवार को हुई तेज बारिश से मैनी नदी में अचानक आई बाढ़ में मां-बेटे समेत चार लोग बह गए। इनमें एक महिला का शव शनिवार को मिल गया है। तीन की तलाश जारी है। ये गुरुवार शाम 5:30 से 06:00 के बीच चारों बाढ़ की चपेट में आ गए थे। सभी ढोड़ागांव के रहने वाले हैं।
सभी पुटू (मशरूम) बीनने गए थे, तभी लौटते वक्त बाढ़ की चपेट में आ गए। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम तलाश में जुटी है। बता दें कि 19 जून को पूरे छत्तीसगढ़ को मानसून ने कवर कर लिया है। पिछले कुछ दिनों से सरगुजा संभाग में लगातार बारिश के बाद से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
बाढ़ में बहने वालों के नाम
- सोमारी (45 साल)
- अंकिता (8 साल)
- बिनावती (30 साल)
- आरयस (3 साल)
16 दिन पहले आ गया था मानसून, 64 साल के इतिहास में पहली बार
इससे पहले छत्तीसगढ़ में नौतपे के बीच मानसून की एंट्री हो गई थी। प्रदेश में मानसून के पहुंचने की नॉर्मल डेट 13 जून है। लेकिन इस बार 16 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी थी। वहीं 64 साल के इतिहास में ये पहली बार है, जब मानसून मई माह में छत्तीसगढ़ पहुंचा था। इससे पहले साल 1971 में 1 जून को मानसून पहुंचा था