Left Banner
Right Banner

बहराइच: चमारनपुरवा गांव में तेंदुए का आतंक, मजदूरी कर लौट रहे युवक को बनाया शिकार…क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव

बहराइच: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत ग्रामसभा बिचपरी के मजरा चमारनपुरवा गांव में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में गौरा पिपरा क्षेत्र में मवेशियों को निशाना बना चुके तेंदुए ने अब इंसान को भी शिकार बना लिया है। घटना मंगलवार शाम की है, जब महबूबनगर निवासी 22 वर्षीय शक्ति सिंह राजपूत, पुत्र बाटर राजपूत, मिहींपुरवा क्षेत्र में एक मकान निर्माण स्थल पर दिहाड़ी मजदूरी कर देर शाम तक घर नहीं लौटा।

जब शक्ति सिंह देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार तड़के, गांव के कुछ लोग जब शौच के लिए निकले तो उन्होंने झाड़ियों में एक अधखाया शव पड़ा देखा। शव की पहचान शक्ति सिंह के रूप में की गई, जिससे गांव में कोहराम मच गया और परिजन बिलख पड़े।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। ककरहा रेंज के रेंजर धर्मेंद्र कुमार कन्नौजिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में युवक की मौत तेंदुए के हमले में होने की पुष्टि हुई है।

वन विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर ₹10,000 की सहायता राशि प्रदान की गई है। क्षेत्र में वन विभाग द्वारा गश्त बढ़ाने और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है।

Advertisements
Advertisement