Left Banner
Right Banner

लखीमपुर खीरी: हमलावरों ने जमीन विवाद में महिला के सीने पर मारी गोली, हालत नाजुक

लखीमपुर खीरी: जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पचासा माजरा सुजानपुर में ज़मीन के विवाद को लेकर बुधवार रात एक महिला को गोली मार दी गई। गोली महिला के सीने और पेट के नीचे लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर महिला का इकलौता बेटा रामू उर्फ अमन जाग गया। उसने देखा कि चार हमलावर भागते हुए मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पढ़ुआ थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमियाबेहड़ ले जाया गया, वहां से जिला अस्पताल लखीमपुर और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पीड़िता के बेटे रामू ने गांव के वशिष्ठ नारायण, पवन कुमार, अश्विनी और मनोज कुमार पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि ज़मीन विवाद के चलते इन चारों ने मिलकर उसकी मां को जान से मारने की नीयत से गोली मारी।

थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गोली लगने की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही की जाएगी। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।

Advertisements
Advertisement