समस्तीपुर: जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के उदापट्टी गांव के वार्ड-9 में गुरुवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुंडन संस्कार के दौरान एक घर की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे 10 वर्षीय बच्चे अमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेमकांत झा के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है।
इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में आयुष कुमार, सोनाक्षी कुमारी, अभिनंदन झा, रजनीकांत झा, अयांश कुमार, विनीता देवी, अनन्या कुमारी, अंश कुमार और एक अन्य आयुष कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव के मदन झा के पोते का मुंडन संस्कार था। इस अवसर पर परिवार और गांव के लोग भोज के लिए घर में एकत्रित हुए थे। तभी अचानक छत गिर गई और सभी लोग मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद गांव वालों ने तत्काल मलबा हटाने में मदद की और घायलों को बाहर निकाला। लेकिन जब तक अमन को बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी जान जा चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। हर ओर शोक और मातम का माहौल है, और लोग घटना से स्तब्ध हैं। रोने-बिलखने की आवाजों से गांव का माहौल बेहद भावुक हो उठा है।