खैबर पख्तूनख्वा में आत्मघाती हमला: 13 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत, TTP ने ली जिम्मेदारी

इस्लामाबाद/पेशावर:पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तर वज़ीरिस्तान ज़िले में शनिवार सुबह एक भीषण आत्मघाती हमले में 13 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Advertisement

यह हमला मीर अली के खादी बाज़ार में सुबह करीब 7:40 बजे हुआ, जब विस्फोटकों से भरी एक कार ने सेना के बम-निरोधक दस्ते (EOD Unit) के वाहन को टक्कर मार दी। हमले में घायल नागरिकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े गुट उसूद-उल-हर्ब (जिसका संबंध हाफिज गुल बहादुर और इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन से है) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर ने तेज़ गति से विस्फोटक से भरी कार को सैन्य काफिले में घुसा दिया, जिससे जबरदस्त विस्फोट हुआ। इस दौरान 10 अन्य सैनिक घायल, और 19 नागरिक बुरी तरह जख्मी हुए।

AFP से बात करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के दो घरों की छतें गिर गईं, जिससे छह बच्चे घायल हो गए।
स्थानीय प्रशासन और राहत दलों ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब पाकिस्तान, विशेषकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियों में खतरनाक इज़ाफा देखा जा रहा है।

  • मार्च 2025 में पाकिस्तानी सेना ने दावा किया था कि उसने TTP से जुड़े 10 आतंकियों को मार गिराया था।

  • इसी महीने बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक ट्रेन पर हमला किया था, जिसमें 21 यात्री और 4 सुरक्षा जवान मारे गए थे।

वैश्विक आतंकवाद सूचकांक 2025 के अनुसार, पाकिस्तान में आतंकवाद से संबंधित मौतों में 45% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
2023 में यह संख्या 748 थी, जो 2024 में बढ़कर 1,081 हो गई।
इसी के साथ पाकिस्तान आतंकी हमलों में मौतों के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश बन गया है।खैबर पख्तूनख्वा में हुआ यह आत्मघाती हमला पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।TTP जैसे आतंकी संगठनों की बढ़ती गतिविधियां और सेना पर सीधा हमला यह दिखाते हैं कि पाकिस्तान एक बार फिर आतंक के खतरे से जूझ रहा है।

Advertisements