राजा रघुवंशी हत्याकांड : प्रॉपर्टी ब्रोकर सिलोम को फ्लाइट से इंदौर लाई एसआईटी, घर पर तलाशे गहने… देखें VIDEO

ट्रांसपोर्टर राजा रघुवंशी हत्याकांड में शनिवार रात शिलांग से एसआइटी ब्रोकर सिलोम को लेकर आई और उसके घर की तलाशी ली। फ्लाइट से सिलोम को लेकर आई टीम ने छुपाए गए आभूषण की तलाश की। करीब एक घंटे तक घर में छानबीन कर टीम रवाना हो गई। इस दौरान महिलाओं से भी पूछताछ की गई।

Advertisement

महालक्ष्मीनगर निवासी प्रापर्टी ब्रोकर सिलोम जेम्स से साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में पूछताछ चल रही है। ईस्ट खासी हिल्स शिलांग पुलिस और एसआइटी शनिवार शाम 7.30 बजे की फ्लाइट से इंदौर पहुंची। क्राइम ब्रांच थाने में आमद दर्ज करवाई और कार (एमपी 09 डब्ल्यूएम 9493) से सीधे महालक्ष्मी नगर पहुंचे।

एक अन्य कार (एमपी 03 ए 2423) में क्राइम ब्रांच के अफसर थे। अफसरों ने घर के दरवाजे बंद कर सिलोम और उसके परिवार की महिलाओं से पूछताछ की। आभूषण जब्ती की अधिकृत जानकारी अभी नहीं मिली है।

रिमांड पर हैं ब्रोकर, बिल्डर, चौकीदार

सिलोम (ब्रोकर), लोकेंद्र तोमर (बिल्डर) और बलवीर अहिरवार (चौकीदार) छह दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। एसआइटी ने 26 जून को उन्हें कोर्ट में पेश किया था। सिलोम ने विशाल को फ्लैट किराए पर दिया था। इसमें सोनम रघुवंशी रुकी थी। हीराबाग स्थित फ्लैट लोकेंद्र का है। सोनम की गिरफ्तारी के बाद लोकेंद्र, सिलोम और बलवीर ने बैग गायब कर दिए थे।

सोनम का बैग जला चुका है सिलोम

सिलोम सोनम का एक बैग निपानिया क्षेत्र में जला चुका है। उसमें भी मोबाइल व अन्य सामान था। लैपटाप वाला बैग फेंकना बता रहा है। पुलिस उससे लैपटाप के संबंध में भी पूछताछ करेगी।

कार्रवाई का विरोध

एसआईटी ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की। टीम जैसे ही सिलोम को घर ले गई, महिलाओं ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार की बदनामी हो रही है। इस दौरान सिलोम भी हाथ जोड़ते हुए नजर आया। उसने रतलाम में आभूषण रखने की जानकारी दी है। बयान के आधार पर रतलाम भी ले जाया जा सकता है।

Advertisements