निवाड़ी के पृथ्वीपुर में नारी सम्मान सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक नाराज होकर मंच से जाने लगे। पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल उनके पीछे दौड़े और हाथ पकड़कर वापस लाने की कोशिश की, लेकिन खटीक सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास पहुंच गए।
नाराज केंद्रीय मंत्री खटीक के मुख्यमंत्री के पास जाने के दौरान पाल समाज के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। कुछ पलों की गहमागहमी के बाद स्थिति सामान्य हुई। शैतान सिंह पाल ने दोनों नेताओं का सम्मान किया।
‘सीएम और केंद्रीय मंत्री का सम्मान करना चाहते थे’ शैतान सिंह पाल ने स्पष्ट किया कि वे सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक का मंच से सम्मान करना चाहते थे। वे उन्हें पाल समाज की ओर से पगड़ी पहनाना चाहते थे।
शैतान सिंह ने कहा कि वीरेंद्र खटीक उनके बड़े भाई जैसे हैं और कोई कटुता नहीं थी। वहीं, इस विषय पर केंद्रीय मंत्री खटीक की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी क्योंकि उनका मोबाइल बंद है।