बस्ती: जमीनी विवाद में गोलीबारी, 16 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत

बस्ती: जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम न्यामतपुर में रात के समय जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन समेत स्थानीय पुलिस फोर्स तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रात 11 बजे सूचना मिली कि अशोक यादव (16) पुत्र संतोष यादव उर्फ जमालू यादव को संतोष यादव उर्फ बब्बन ने गोली मारी है।

Advertisement

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारियां एकत्रित कीं और साक्ष्य जुटाए। घायल अशोक यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।

आरोपी संतोष यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है। बुधवार दोपहर को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इलाज के दौरान घायल अशोक यादव की मौत हो गई है। यह खबर गांव में फैलते ही भारी कोहराम मच गया। दुबौलिया थाना अध्यक्ष ने भी अशोक यादव की मौत की पुष्टि की है।

Advertisements