बहराइच: घर के अंदर मां के साथ सो रही 6 साल की बच्ची हुई गायब, मासूम को ढूंढने में लगे परिजन और पुलिस

उत्तर प्रदेश: बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में मासूम बच्चियों के लापता होने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत रमपुरवा के पकड़िया पुरवा गांव का है, जहां बीती रात 6 वर्षीय सानिया अपनी मां गीता और भाई के साथ मच्छरदानी के अंदर चारपाई पर सो रही थी। देर रात जब मां की आंख खुली तो देखा कि सानिया चारपाई से गायब है।

Advertisement

परिजनों ने तत्काल गांव वालों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू कर दी और पुलिस को भी सूचना दी गई। लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी सानिया का कोई सुराग नहीं मिल सका है। फिलहाल पुलिस और परिजन दोनों बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बीते दो महीनों में क्षेत्र में ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें बच्चियां कुछ समय बाद वापस तो मिलीं, लेकिन उनके शरीर और चेहरे पर चोट के निशान साफ दिखाई दिए। इन घटनाओं के चलते गांव में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद कुमार ने बताया कि देर रात बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस और राजस्व विभाग को सूचित किया। इसके बाद सानिया की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह अपनी टीम और सर्विलांस यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Advertisements