सिवनी में ऑटो ने घर के बाहर खेल रहे डेढ़ साल के एक बच्चे को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना के बाद ऑटो चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
ये घटना गुरुवार दोपहर में कोतवाली थाना क्षेत्र हड्डी गोदाम स्थित केजीएन कॉलोनी की है। बच्चे का नाम रोहान खान पिता आरिफ खान था।
वीडियो में यह दिख रहा..
वीडियो में दिख रहा है कि रोहान खेलते-खेलते गली में आगे बढ़ता है। तभी टर्निंग पर एक ऑटो आता है। जो बच्चे को कुचलता हुआ निकल जाता है। ऑटो की टक्कर से बच्चा नीचे गिर जाता है। ऑटो का पिछला पहिया उसके पेट और हाथ के ऊपर से गुजर जाता है।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया। परिजन ने मासूम के शव को कब्रिस्तान में दफना दिया है।
घटना से कुछ देर पहले रोहान के पिता आरिफ खान कचरा गाड़ी में कचरा डालने आए थे और फिर अंदर गए थे। मां किचन में काम कर रही थी। बच्चा बाहर खेल रहा था। कोतवाली थाना प्रभारी किशोर बामनकर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऑटो और चालक की तलाश कर रही है।