श्योपुर में फौजी के सूने मकान से चोरी:मेन गेट और कमरों के ताले तोड़कर बच्चों की गुल्लक से 12 हजार रुपए ले गए

श्योपुर की श्रीराम कॉलोनी में रहने वाले एक फौजी के एक सूने मकान से चोरी हो गई। चोरों ने मकान का मेन गेट और अंदर के कमरों के ताले तोड़े। बच्चों की गुल्लक में रखी करीब 10 से 12 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए।

Advertisement

मकान मालिक विजय प्रताप सिंह भदौरिया ने कोतवाली थाना पुलिस को बताया कि मकान श्रीराम कॉलोनी, ओम दलाल वाली गली में स्थित है। इस मकान में उनके दो भाई रहते हैं। एक भाई शस्त्र सीमा बल में अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं। दूसरे भाई उत्तराखंड के कोटद्वार में नौकरी करते हैं।

गर्मी की छुट्टियों में दोनों भाइयों की पत्नियां और बच्चे भी उनके पास चले गए थे। इस कारण मकान दो महीने से खाली था। विजय प्रताप के वृद्ध पिता रात में मकान की देखरेख करते थे। स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे 4-5 दिन से मकान नहीं जा सके। इसी दौरान वारदात हो गई।

शुक्रवार सुबह जब विजय प्रताप ने मकान की जांच की तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों और रसोई के ताले भी टूटे थे। अलमारियां और बेड बिखरे पड़े थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Advertisements