चार छात्राएं स्कूल से घर नहीं लौटी, तलाश में जुटी पुलिस, पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट

मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र स्थित पेठुलकापा गांव की चार स्कूली छात्राएं शुक्रवार शाम को गायब हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पथरिया पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। आसपास के गांव में छात्राओं की तलाश की जा रही है। इसके अलावा आसपास के जिलों में भी इसकी सूचना दी गई है।

Advertisement

देर रात छात्राओं के स्वजन थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पथरिया थाना प्रभारी आरएल चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली कि पेठुलकापा गांव की चार छात्राएं गायब हैं। उन्होंने बताया कि पेठुलकापा गांव में रहने वाली छात्राएं रोज की तरह स्कूल गई थी। इसके बाद वे शाम तक अपने घर नहीं पहुंची। इसके बाद स्वजन ने उनकी तलाश की। जब छात्राओं का कहीं पता नहीं चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

Ads

सहेलियों से पिकनिक जाने की कही थी बात

एक साथ चार छात्राओं के गायब होने की सूचना पर पुलिस की टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस की टीम ने गांव में पूछताछ की है। इसमें पता चला है कि छात्राओं ने अपनी सहेलियों से पिकनिक जाने की बात कही थी। छात्राओं की सहेलियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने छात्राओं की तलाश तेज कर दी है। आसपास के जिलों की पुलिस को इसकी सूचना दी गई है।

इसके अलावा पथरिया पुलिस की टीम आसपास के गांव में भी छात्राओं की तलाश कर रही है। साथ ही आसपास के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से भी छात्राओं की जानकारी जुटाई जा रही है। देर रात तक छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस फिलहाल चारों बालिकाओं की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक उनकी कोई जानकारी सामने नहीं आयी है।

Advertisements