रीवा: जिले की जनपद अध्यक्ष व भाजपा नेता संगीता राजेश यादव ने सेमरिया विधानसभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जो विकास कार्य आज ज़मीन पर दिखाई दे रहे हैं, वे किसी संयोग का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि यह पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी की निरंतर मेहनत, जनसेवा और प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।
उन्होंने बताया कि थनवरिया गांव में नवीन विद्युत सबस्टेशन की स्वीकृति हो, बसामन मामा गोवंश वन्य विहार की स्थापना, पूर्वा में 43 लाख रुपये की लागत से बना रपटा कम स्टॉप डैम, या फिर जर्जर पंचायत भवनों का नवनिर्माण इन सभी में केपी त्रिपाठी की पहल और दूरदर्शिता साफ झलकती है। इसके साथ ही बोदा मनकहरी से फरहद तक 125 करोड़ और अजगरहा से बहुरीबांध तक 46 करोड़ की लागत से स्वीकृत सड़क परियोजनाएं, साथ ही 45 नई सड़कों की मंज़ूरी, जो टोलों और मजरों को मुख्यधारा से जोड़ेगी, निश्चित रूप से क्षेत्र के यातायात, व्यापार, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों को नया आयाम देंगी।
World War 3 will be for language, not land! pic.twitter.com/0LYWoI3K0r
— India 2047 (@India2047in) July 4, 2025
यादव ने यह भी बताया कि माइक्रो इरिगेशन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी अब गति मिल रही है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। इस संपूर्ण विकास यात्रा के केंद्र में यदि किसी एक व्यक्ति का सबसे अहम योगदान है, तो वह हैं केपी त्रिपाठी। उनकी सक्रियता से न केवल विद्युत आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत संरचना का भी विस्तार हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि गौसेवा, जल संचयन योजनाओं और ग्रामीण विकास की दिशा में भी पूर्व विधायक की सतत भागीदारी क्षेत्र की जनता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है। दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए संगीता यादव ने कहा कि वे न तो किसी विकास योजना की पहल करते हैं, न उसे पूरा कराने में दिलचस्पी लेते हैं। दुर्भाग्यपूर्ण तो यह है कि वे उन्हीं कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश करते हैं, जिन्हें भाजपा शासन में और केपी त्रिपाठी की मेहनत से शुरू किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि अभय मिश्रा की राजनीति केवल भाजपा विरोधी बयानबाज़ी और दूसरों पर आरोप लगाने तक सीमित रह गई है, जबकि केपी त्रिपाठी बिना किसी पद के भी लगातार जनता के बीच रहकर, जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास को गति देने का कार्य कर रहे हैं।