इटावा: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे ने बड़े भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला…झगड़े के दौरान 4 अन्य सदस्य भी घायल

उत्तर प्रदेश: इटावा जनपद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तोड़ा में सोमवार शाम एक पुराने जमीन विवाद ने भयावह रूप ले लिया। पारिवारिक संपत्ति को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई की हत्या कर दी। यह दर्दनाक घटना पूरे गांव में सनसनी फैला गई है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय त्रिपाल सिंह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी छोटा भाई रामकिशोर (36 वर्ष) हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है। झगड़े के दौरान दोनों परिवारों के चार अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनमें त्रिपाल की पत्नी सीमा (45), बेटा बाबी (18), बेटी सविता (21) और रामकिशोर की पत्नी रेनू (32) शामिल हैं।

Advertisement

सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार शाम करीब 7 बजे की है, जब त्रिपाल सिंह विवादित दो बीघा जमीन पर ट्रैक्टर चला रहे थे। इस पर रामकिशोर मौके पर पहुंचा और दोनों भाइयों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी के साथ आमने-सामने आ गए। इसी दौरान, रामकिशोर ने आवेश में आकर त्रिपाल पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Ads

सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि विवाद की जड़ पारिवारिक संपत्ति है। मृतक के पिता शिवसिंह के पास कुल 16 बीघा जमीन थी, जिसमें से 6-6 बीघा जमीन उन्होंने अपने दोनों बेटों को जीवनकाल में ही दे दी थी, जबकि 4 बीघा भूमि उन्होंने अपने नाम पर रखी थी। लगभग एक माह पूर्व शिवसिंह के निधन के बाद बची हुई जमीन को लेकर दोनों भाइयों में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था, जो अंततः हत्या में बदल गया।

फिलहाल पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, यह घटना पारिवारिक बंटवारे की अनदेखी और बढ़ते तनाव का भयावह परिणाम है।

Advertisements