NMDC कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट कर 28 लाख ठगे:फर्जी पुलिस अफसर बनकर कहा- तुम पर मनी-लॉन्ड्रिंग केस, 12 राज्यों में 10 करोड़ की ठगी

छत्तीसगढ़, दिल्ली, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश समेत देश के अलग-अलग 12 राज्यों से लगभग 10 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। आरोपियों ने दंतेवाड़ा के NMDC कर्मचारी को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट किया। उससे 28 लाख रुपए की ठगी कर लिए। अब पुलिस ने इन्हें मुंबई से गिरफ्तार किया है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, किरंदुल के रहने वाले एक NMDC कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि, 30 मई 2025 की शाम 7:45 बजे उसके पास वॉट्सऐप पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले युवक ने खुद को मुंबई पुलिस का अफसर बताया।

Ads

उसने कहा कि, आपके नाम से एक बैंक अकाउंट ओपन हुआ है। जिसमें अवैध तरीके से लेनदेन हुआ है। इसलिए मुंबई में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया जा रहा है।

NMDC कर्मचारी से 28 लाख ठगे

वहीं उसने वॉट्सऐप पर उसी कॉलिंग में अपने एक अन्य साथी को भी एड किया। दूसरे व्यक्ति ने NMDC कर्मचारी से सेटलमेंट की बात की। उसे उसके घर में ही कई घंटे तक डिजिटल अरेस्ट कर रखा था। उससे सेटलमेंट के नाम पर 28 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांजेक्शन करवा लिए।

हालांकि, NMDC कर्मचारी को बाद में शक हुआ कि ये कोई पुलिस वाले नहीं थे। ये फ्रॉड थे। उनके साथ फ्रॉड हो गया है। जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। किरंदुल पुलिस ने FIR दर्ज की और मामले की जांच शुरू की गई।

अकाउंट का लोकेशन मुंबई में मिला

आरोपियों को पकड़ने के लिए उप पुलिस अधीक्षक ठाकुर गौरव सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया। जिस फोन नंबर से कॉल आया था और जिस अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए थे, उसको ट्रैस किया गया। वहीं उनका लोकेशन मुंबई का दिखाया। जिसके बाद टीम आरोपियों की तलाश में मुंबई गई। जहां पालघर से एक घर से 2 युवकों को पकड़ा गया।

मोबाइल-आधार कार्ड, दस्तावेज जब्त

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अर्पित सिंह (25) और सूरज चौहान (23) बताया। दोनों मुंबई के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 1 लाख रुपए कैश और 8 ATM कार्ड, 2 मोबाइल, 1 पासबुक, आधार कार्ड, पेन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए। वहीं दोनों ने अपना जुर्म कबूल लिया। जिन्हें गिरफ्तार कर दंतेवाड़ा लाया गया।

12 राज्यों में की ठगी, 22 केस दर्ज

इन दोनों आरोपियों ने छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, केरल और दिल्ली इन 12 राज्यों में अलग-अलग लोगों से करीब 10 करोड़ रुपए ठगे हैं। इन राज्यों में इन दोनों पर साइबर ठगी के 22 केस दर्ज हैं।

SP गौरव राय ने की अपील

दंतेवाड़ा के SP गौरव राय ने कहा कि, दंतेवाड़ा पुलिस शहर के लोगों से अपील कर रही है कि साइबर फ्रॉड से बचें। समय-समय पर लोगों को मोबाइल साइबर क्राइम संबंधी, बैंकिंग फ्रॉड्स, साइबर ठगी पार्ट टाइम-जॉब धोखाधड़ी, मोबाइल OTP लिंक शेयर न करने की जानकारी देते हैं। जिससे लोग जागरूक हो जाएं और ठगों के जाल में न फंसे।

 

 

Advertisements